पिथौरागढ़ नगर में नालियों के बंद होने से सड़कों पर बहता गंदा पानी। संवाद
पिथौरागढ़। नगर क्षेत्र में लगातार दो दिनों रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण पिथौरागढ़ नगर की सड़कें तालाब बन गईं हैं। इस कारण लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। इसका जायजा लेने के लिए सोमवार को नगर क्षेत्र में तलैया बनीं सड़कों की पड़ताल की गई।
इसमें पाया गया कि नालियां बंद होने से कलक्ट्रेट परिसर के आसपास एसपी कार्यालय, आपदा कार्यालय के पास सड़कों पर पानी भरा मिला। पुरानी और नया बाजार से आने वाला गंदा पानी केएमओयू स्टेशन के पास सड़कों पर बह रहा था। रोडवेज स्टेशन के पास भी सड़क पर गंदा पानी बह रहा था। स्टेशन के पास जलभराव होने से लोगों को आवागमन में दिक्कत होती थी। राजकीय खाद्यान्न भंडार और देव सिंह मैदान की ओर जाने वाले रास्ते से सड़क पर गंदा पानी बह रहा था। वाहनों के तेज रफ्तार से चलने के कारण लोगों पर गंदे पानी के छींटे पड़ रहे थे। वड्डा तिराहे के पास भी नाली बंद होने से सड़क पर गंदा पानी बह रहा था।
कई जगह हैं नालियां चोक
पिथौरागढ़। नगर क्षेत्र में कई जगह नालियां बंद हैं। इस कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। नगर के होटल, संचालक रात के वक्त होटलों से निकलने वाली गंदगी सड़कों पर डाल रहे हैं। सबसे बुरा हाल ग्रिफ बैंड से रई का है। यहां लोग हल्की सी बारिश में सीवर को नालियों में डाल दे रहे हैं जो सीधा यक्षवती नदी में पहुंच रहा है।