जिले के कई हिस्सों में रविवार रात और सोमवार अपराह्न को भारी बारिश व ओलावृष्टि हुई। जिला मुख्यालय में भी सोमवार शाम को तेज बारिश के बाद करीब दस मिनट तक भारी ओलावृष्टि हुई। जिससे कई इलाके पानी से लबालब हो गए। सिनेमा लाइन में उमापति गड़कोटी व कन्हैया लाल सक्सेना के घरों में पानी घुसने से घर का काफी सामान बर्बाद हुआ। जबकि सुनील कुमार वर्मा के खेत में पानी भरा है।
बारिश और ओलावृष्टि से मुनस्यारी, मदकोट, धारचूला, अस्कोट, नाचनी, गंगोलीहाट, बेरीनाग आदि क्षेत्र में फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। धूरातोली ग्राम पंचायत में ओलावृष्टि व बिजली गरजने से पांच बकरियों की मौत हो गई। प्रशासन का कहना है कि आपदा के नुकसान का आकलन कर जरूरी कार्यवाही की जाएगी।
ओलावृष्टि व बारिश ने मुनस्यारी के घोरपट्टा, नानसेम, तल्ला घोरपट्टा, चेटी चिमला, सेविला, दरांती, धुरातोली, बादनी, फाफा, भटकुड़ा, रिंगू चुलकोट, बसंतकोट, जैंतीगांव, बरमियां गांव, थरमोली, भदेली चोना, मटेना, मालूपाती, हरकोट, तोमिक, बोना, गोल्फा, गेला आदि इलाकों में आलू, जौ, गेहूं, बांकुला, संतरे-सब्जियों को नुकसान हुआ है। इसके अलावा धारचूला में कालिका, बलवाकोट, छारछुम आदि में भी फसलों पर मार पड़ी है। सामाजिक कार्यकर्ता भगत सिंह लुवान, देवेंद्र सिंह, मोहन कोरंगा, विक्रम सिंह आदि ने नुकसान का सर्वे कर भरपाई की मांग की है। ग्राम प्रधान पुष्कर सिंह नेगी ने बताया कि धूरातोली के सुंदर सिंह की पांच बकरियां की मौत हो गई। मुनस्यारी के एसडीएम कृष्णनाथ गोस्वामी ने कहा कि ओलावृष्टि से हुए नुकसान का आकलन कर जरूरी कार्यवाही की जाएगी।
दरकोट स्कूल के आंगन की दीवार दरकी
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। रविवार शाम हुई मूसलाधार बारिश से राजकीय प्राथमिक विद्यालय दरकोट के भवन को नुकसान पहुंचा है। विद्यालय की एक दीवार क्षतिग्रस्त हो गई है। विद्यालय प्रशासन ने नुकसान की सूचना प्रशासन को दी है।
कैलाली में अंधड़ से महिला की मौत
महेंद्रनगर (नेपाल)। अंधड़ से मकान गिरने से नेपाल के कैलाली जिले में एक महिला की मौत हो गई है। इसके अलावा तेज आंधी से यहां कई स्कूलों की छत उड़ी है। चौबाला (नेपाल) पुलिस चौकी सहायक निरीक्षक मदन राम जोशी ने बताया कि तेज अंधड़ से कैलाली जिले के गौरीगंगा नगर पालिका वार्ड नंबर एक निवासी महिला चारूमति बूढ़ा (56) की मौत हो गई है। बताया गया कि अंधड़ से महिला के कच्चे मकान की बल्ली खिसकने से मकान गिर गया। जिससे महिला की मौत हो गई। कैलाली के बड़े इलाके में करीब 30 मिनट तक अंधड़ चला।
.