फ्लाईबिग कंपनी की वेबसाइट में प्रदर्शित होती छूट संबंधी जानकारी। संवाद
पिथौरागढ़। नैनीसैनी हवाई अड्डे से जुलाई के अंत में शुरू होने वाली विमान सेवा में अलग-अलग वर्ग के यात्रियों को टिकट में छूट मिल सकती है। वरिष्ठ नागरिकों, कोरोना वॉरियर्स, छात्रों और सेना में कार्यरत लोगों को टिकट में छूट दी जा सकती है।
कंपनी की वेबसाइट पर छूट संबंधी जानकारी प्रदर्शित हो रही हैं। नैनीसैनी हवाई अड्डे में फ्लाईबिग कंपनी के 20 सीटर विमान में यात्रियों के लिए छूट का प्रावधान किया गया है। वेबसाइट के अनुसार कोरोना वॉरियर्स (चिकित्सक, नर्स और पुलिस) को निर्धारित यात्री किराये में 25 फीसदी छूट दी जाएगी। 12 से 18 साल आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं को 10 फीसदी यात्री की छूट मिलेगी और 10 किलो अतिरिक्त बैगेज अलाउंस ले जाने की छूट मिलेगी।
वरिष्ठ नागरिकों को यात्री किराये में 10 फीसदी छूट दी जाएगी। इसके अलावा सेना में कार्यरत, उनके आश्रितों, सेवानिवृत्त और पैरा मिलिट्री में कार्यरत लोगों को भी छूट दी जाएगी। कंपनी के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया गया तो बताया गया कि अभी कंपनी ने देहरादून से पिथौरागढ़ तक यात्री किराया तय नहीं किया है। विमान यात्रा 25 जुलाई के बाद शुरू होने की संभावना है।
दिखाना होगा वैध दस्तावेज
यात्री किराये में छूट तभी मान्य होगी जब कोरोना वॉरियर्स, छात्रों, वरिष्ठ नागरिकों और सेना में कार्यरत, उनके आश्रितों, सेवानिवृत्त, पैरा मिलिट्री में कार्यरत लोग चेक इन के दौरान वैध दस्तावेज प्रस्तुत करेंगे। अगर यात्री वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाया तो उसे विमान में बोर्ड नहीं करने दिया जाएगा।