प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वन रैंक, वन पेंशन के तहत 6500 करोड़ रुपए दिए जा चुके हैं और बाकी बचा हुए पैसा इस बजट में दिया जाएगा। पिथौरागढ़ के खचाखच भरे खेल स्टेडियम में हुई चुनावी सभा में मोदी ने अपने भाषण में पूर्व सैनिकों को पूरा समय दिया और कहा कि सैनिकों की हर समस्या का समाधान केंद्र सरकार ने किया है। प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री हरीश रावत पर हरदा टैक्स के बहाने निशाना साधा और उत्तराखंड की बड़ी परियोजनाओं के लटके होने का ठीकरा प्रदेश सरकार पर सिर फोड़ा। कहा कि पांच ‘प’ के होते उत्तराखंड को पैसों की कमी नहीं हो सकती। उन्होंने पर्यावरण, पानी, पौधे, पहाड़ और परमेश्वर को उत्तराखंड की ताकत बताया।
अपरान्ह करीब तीन बजे यहां पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुमाऊंनी में बोलकर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। अपने 47 मिनट के भाषण में मोदी ने 40 मिनट पूर्व सैनिकों और सैनिक परिवारों को दिए। ओआरओपी का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने 40 साल तक इस समस्या को लटका कर रखा और जाते-जाते सिर्फ 500 करोड़ रुपए की टोकन व्यवस्था की। वन रैंक, वन पेंशन के लिए 12,500 करोड़ रुपए की जरूरत थी। कहा कि 6500 करोड़ दे दिए हैं और बाकी के पैसे की व्यवस्था बजट में की गई है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाकर कांग्रेस ने देश और उत्तराखंड के सैन्य परिवारों, सेना के पराक्रम, संकल्प का अपमान किया है। केंद्र सरकार ने उत्तराखंड के एक लाख सैनिक परिवारों सहित देश के सभी सैनिक परिवारों की सारी समस्याओं का समाधान किया है। सैनिकों के लिए सेवानिवृत्ति से एक साल पहले ही विशेष प्रशिक्षण की व्यवस्था की है। घायल सैनिकों की मदद के लिए जारी व्यवस्था का सरलीकरण किया, पांच सौ नए अस्पताल खोले, सातवें वेतन आयोग की संस्तुतियों का लाभ दिया, सैनिकों की बेटियों की शादी के लिए पहले की तुलना में तीन गुना अधिक धन की व्यवस्था की। सैनिकों की माताओं का ध्यान रखते हुए उत्तराखंड में ही चार माह में एक लाख परिवारों को निशुल्क गैस कनेक्शन दिए गए हैं।
मोदी ने कहा कि आठ नवंबर को उन्होंने टीवी पर आकर देश को लूटने वालों का खेल खत्म कर दिया था। जिन्होंने देश को लूटा है, अब उनसे एक-एक पाई वसूल की जाएगी। मैं अब रुकने वाला नहीं हूं, न चैन से बैठूंगा और न ही देश लूटने वालों को चैन से बैठने दूंगा। भ्रष्टाचार का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि नौकरी में भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए वर्ग तीन और चार में इंटरव्यू खत्म किया गया।
मोदी ने प्रदेश सरकार और हरीश रावत को भी निशाने पर लिया। कहा कि उत्तराखंड में हरदा टैक्स चलता है। पहाड़ का पानी और जवानी पहाड़ के काम नहीं आती। यहां पलायन है और इस प्रदेश का सीएम भी पलायन कर गया। चार हजार करोड़ रुपए की तपोवन विष्णुगाढ़ परियोजना, टिहरी की 3000 करोड़ रुपए की पेयजल पंपिंग योजना अटकी पड़ी है। पंचेश्वर बांध 23 साल से नहीं बन पा रहा है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार के पास न विजन है, न डीपीआर बना पाती है और न ही विकास का कोई उसका इरादा है। केंद्र के पास पैसा पड़ा है, लेकिन प्रदेश सरकार के पास न समझ है, न योजना है और न उसका इरादा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पर्यावरण, पहाड़, परमेश्वर, पानी और पौधे उत्तराखंड की पांच बड़ी ताकतें हैं। इन पांच शक्तियों के होते हुए उत्तराखंड को कभी पैसों की कमी हो ही नहीं सकती।