लोहाघाट (चंपावत)। मास्टर प्लान के विरोध में नगर लोहाघाट के लोग मुखर हो गए हैं। लोगों ने मास्टर प्लान के विरोध में नगर पालिका में ज्ञापन दिया गया। कहा जब तक नगर लोहाघाट की भूमि फ्रीहोल्ड नहीं हो जाती है, तब तक वह मास्टर प्लान में शामिल नहीं होंगे।
पूर्व जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रहलाद सिंह मेहता के नेतृत्व में नगर के 174 लोगों के हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन को नगर पालिका में नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग को दिया, इसमें उन्होंने मास्टर प्लान 2041 में शामिल होने पर आपत्ति जताई। लोगों ने कहा कि सरकार लोगों को मास्टर प्लान में शामिल होने के लिए कह रही है।
उन्होंने कहा कि लोहाघाट नगर तो पूरी तरह बस गया है, अब मास्टर प्लान कहां पर लागू होगा। लोगों ने कहा कि मास्टर प्लान के शुरू होने पर पूरा लोहाघाट प्राधिकरण के दायरे में आ जाएगा। ऐसे में तो न तो लोग नया भवन निर्माण कर सकेंगे और न पुराने भवन का जीर्णोद्धार कर सकेंगे।
उन्होंने कहा भवन मरम्मत कार्य में भी प्रशासन की अनुमति लेना अनिवार्य होगा। लोगों ने कहा कि पहले तो सरकार नगर की भूमि को फ्रीहोल्ड कर लोगों को मालिकाना हक दिलाए और फिर मास्टर प्लान की योजना लोगों के सामने रखे। यहां नवीन खर्कवाल, शैलेंद्र राय, प्रकाश साह, कुलदीप देव, टीकादेव खर्कवाल, बुद्धि वल्लभ जोशी आदि मौजूद थे।