फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pithoragarh News: व्यास, दारमा घाटी और मल्ला जोहार क्षेत्र में शीतकाल का पहला हिमपात

Sun, 15 Nov 2026 11:04 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
पिथौरागढ़/धारचूला/मुनस्यारी/थल। धारचूला और मुनस्यारी तहसील के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में रविवार को शीतकाल का पहला हिमपात हुआ जबकि निचली घाटियों में बारिश के साथ ही कुछ इलाकों में भारी ओलावृष्टि हुई। हिमपात से जहां आदि कैलाश, ओम पर्वत और पंचाचूली दर्शन को आए यात्रियों के चेहरे खिल उठे, वहीं ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। हिमपात, बारिश और ओलावृष्टि से जनपद में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।
विज्ञापन

जिला मुख्यालय सहित कई इलाकों में भी पूर्वाह्न में बारिश की हल्की फुहारें पड़ी और दिन भर बादल छाए रहे। मौसम के एकाएक करवट बदलने से जनपद में ठंड बढ़ गई और लोग गर्म कपड़े निकालने को विवश हो गए। पिछले कुछ दिनों से लगातार धूप के बाद रविवार सुबह सीमांत जनपद में मौसम एकाएक बदला। इस दौरान जिला मुख्यालय में बारिश की हल्की फुहारें पड़ी तो कई इलाकों में तेज बूंदाबांदी हुई। इस दौरान दारमा और व्यास घाटी के 10 हजार फीट से अधिक ऊंचाई वाले गांवों में शीतकाल का पहला हिमपात हुआ। हिमपात में जगह-जगह यात्री मस्ती करते नजर आए।

उधर मुनस्यारी के खलिया टॉप, हंसलिंग, नागनीधूरा, छिपलाकेदार, पंचाचुली की चोटियों और मल्ला जोहार क्षेत्र में भी रविवार सुबह हिमपात हुआ हालांकि इस वर्ष उच्च हिमालयी क्षेत्रों में सितंबर-अक्तूबर में लगभग छह बार हिमपात हो चुका है। नवंबर में शीतकाल शुरू होते ही दारमा और व्यास घाटी के काफी ग्रामीण निचली घाटियों में लौट आए हैं।
विज्ञापन


होम स्टे संचालक सौरव दताल, जमन दताल और पानू दताल ने बताया कि रविवार सुबह पांच बजे से दारमा घाटी के ग्राम दांतू और अन्य गांवों में हिमपात और रुक-रुक बारिश होने से ठंड काफी बढ़ गई है। सौरव दताल ने बताया कि रविवार को 100 से अधिक यात्री पंचाचूली दर्शन को आए और उन्होंने बर्फबारी में खूब मस्ती की। इधर जिला मुख्यालय में हल्की बारिश के बाद दिनभर बादल छाए रहे। तापमान में एकाएक गिरावट से लोग गर्म कपड़े निकालने को विवश हो गए।

आदि कैलाश, ओम पर्वत में गिरी एक फीट बर्फ
धारचूला। आदि कैलाश और ओम पर्वत की चोटियों में करीब एक फुट हिमपात हुआ है। कुटी के ग्राम प्रधान नगेंद्र सिंह कुटियाल और होम स्टे संचालक गुलाब कुटियाल ने बताया कि आदि कैलाश, ओम पर्वत में एक फुट तो कुटी सहित अन्य गांवों में लगभग 5-6 इंच बर्फ पड़ी है। वाहन चालक भरत ह्यांकी ने फोन पर बताया कि रविवार सुबह पांच बजे से गुंजी, कालापानी, नाभिढांग आदि क्षेत्रों में एक फुट पड़ चुकी है। सड़क पर बर्फ होने से वाहनों की आवाजाही जोखिमपूर्ण है। दोपहर तक हिमपात के बाद अपराह्न लगभग एक बजे से व्यास घाटी के साथ ही निचली घाटियों और धारचूला में मौसम साफ हो गया।

ओलावृष्टि से सब्जी और फल चौपट, काश्तकार मायूस
थल। न्याय पंचायत बांसबगड़ की ग्राम पंचायत रायां-गोलगांव में रविवार दोपहर हुई भारी ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। ओलावृष्टि से क्षेत्र में प्याज की नर्सरी सहित लहसुन, मटर, गाजर, मेथी, पालक और धनिया की सब्जियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। सब्जियों के साथ-साथ गोभी की खेती और संतरा, माल्टा के फलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। स्थानीय काश्तकार दयान सिंह नेगी ने बताया कि सब्जी और फल उत्पादन ही क्षेत्र के किसानों की आजीविका का मुख्य साधन है। भारी ओलावृष्टि से पूरी फसल चौपट हो गई है जिससे क्षेत्र के सभी काश्तकारों में मायूसी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें