मुनस्यारी में स्कीइंग प्रशिक्षण के समापन पर मौजूद प्रतिभागी
- फोटो : अमर उजाला
पंडित नैनसिंह माउंटेनियरिंग संस्थान की ओर से खलियाटॉप में शुरू किया गया स्नो स्कीइंग प्रशिक्षण बृहस्पतिवार को संपन्न हो गया। प्रशिक्षण के दौरान बेहतर प्रदर्शन के आधार पर दिल्ली की सुजाता मुखिया को प्रथम स्थान मिला। देहरादून की शशि बहुगुणा दूसरे और हरियाणा के गौरव राठी तीसरे स्थान पर रहे। अन्य प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र दिए गए।
मुख्य अतिथि उपकोषाधिकारी लक्ष्मण सिंह टोलिया ने कहा कि खलियाटॉप में स्कीइंग प्रशिक्षण से क्षेत्र को अलग पहचान मिली है। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे खिलाड़ियों को यहां बेहतर अनुभव मिले और आने वाले समय में देश के अन्य हिस्सों से भी बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल होंगे। माउंटेनियरिंग संस्थान की विशेष कार्याधिकारी रीना कौशल धर्मशक्तू ने बताया कि 11 फरवरी से शुरू हुए इस प्रशिक्षण में 20 पुरुष और 5 महिलाओं ने भाग लिया।
खलियाटॉप में इस बार काफी बर्फ है। इस कारण स्कीइंग प्रशिक्षण में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आई। इस दौरान कोषागार विभाग के कृष्णकांत भट्ट, प्रशिक्षक प्रवीण कुमार, लाल सिंह पंचपाल, मोहन सिंह, ध्रुव जोशी, नरेंद्र कुमार, गिरीराज आदि उपस्थित थे। प्रशिक्षण संपन्न होने के बाद सभी प्रतिभागी अपने-अपने प्रांतों को रवाना हो गए हैं।