पिथौरागढ़ में पहले आदि कैलाश यात्रा दल का स्वागत करती डीएम रीना जोशी और निगम कर्मी। संवाद
पिथौरागढ़। आदि कैलाश यात्रा का पहला दल पिथौरागढ़ पहुंच गया है। यहां यात्रियों का भव्य स्वागत किया गया। यात्रियों ने पर्यटक आवास गृह स्थित शिव मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना भी की। 49 सदस्यीय पहले यात्री दल के 34 यात्री (17 महिला, 17 पुरुष) पिथौरागढ़ पहुंचे। यात्रा पर जा रहे 15 सदस्य धारचूला से दल में शामिल होंगे।
मंगलवार को यात्रियों के पर्यटक आवास गृह पहुंचने पर डीएम रीना जोशी और पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक दिनेश गुरुरानी और निगम कर्मियों ने स्वागत किया। डीएम ने कहा कि आदि कैलाश, यात्रा के लिए संवेदनशील है। यात्रियों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने यात्रियों को हरी झंडी दिखाकर धारचूला के लिए रवाना किया। इससे पूर्व पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक दिनेश गुरुरानी ने यात्रियों को हिमालय बचाओ अभियान के तहत शपथ दिलाई।
उन्होंने उच्च हिमालयी क्षेत्र कलापानी, नाभीढांग और ज्योलिंगकांग में पौधरोपण के लिए यात्रियों को छह पौधे भेंट किए। गुरुरानी ने कहा कि उच्च हिमालय क्षेत्र में पौधरोपण के लिए प्रभागीय वनाधिकारी बलवंत सिंह शाही के माध्यम से विभागीय दरों पर गोपेश्वर वन अनुसंधान केंद्र से भोजपत्र के पौधे मंगाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के कमांडेंट परमेंद्र सिंह के नेतृत्व में कालापानी, नाभीढांग और ज्योलिंगकांग स्थित आईटीबीपी चौकी में कार्यरत कर्मचारियों से सहयोग लिया जा रहा है। यात्रियों का स्वागत करने वालों में हर सिंह, शेर सिंह, विजय बोरा, सौरभ खोलिया, राजेंद्र रावल, दीपक, गोपाल, नरेंद्र थापा और प्रथम यात्रा दल के कोऑर्डिनेटर पदम सिंह रावल आदि मौजूद रहे।