उच्च हिमालयी क्षेत्र में 3400 मीटर की ऊंचाई पर स्थित बुर्फू गांव के आसपास के जंगलों में भीषण आग लगी है। पिछले तीन दिन के भीतर आग ने करीब छह किलोमीटर के दायरे को अपनी चपेट में ले लिया है। आग से दुर्लभ वन्यजीवों के लिए गंभीर खतरा पैदा हो गया है। आशंका जताई जा रही है कि अवैध रूप से शिकार करने वालों ने यह आग लगाई होगी। पिछले वर्षों से भी ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। आग से बुर्फू गांव में मकानों को भी खतरा होने की आशंका है। आग लगने की सूचना मिलते ही वन रेंजर लवराज सिंह ने वनकर्मियों की टीम को मौके के लिए रवाना कर दिया है।
तहसील मुख्यालय से 56 किलोमीटर की दूरी पर स्थित बुर्फू एक माइग्रेशन गांव है। अक्तूबर के अंत में गांव के लोग अपने घरों में ताले डालकर घाटियों को निकल आए हैं। गांव में कुछ लोग पहरेदारी के लिए रुके हैं। इस बीच बुर्फू गांव के आसपास के जंगलों में भीषण आग लगने की सूचना कुछ लोगों ने वहां से फोन के जरिए तहसील प्रशासन को दी। कहा गया कि आग तेजी से फैल रही है। इससे मकानों को खतरा हो सकता है।
वन विभाग की टीम मौके को रवाना तो हो गई है लेकिन उसे बुर्फू पहुंचने में तीन दिन लग जाएंगे। उच्च हिमालयी क्षेत्र में ठंड बढ़ते ही जंगली जानवर निचले इलाकों की ओर आने लगते हैं। शिकारी इसी मौके की तलाश में रहते हैं और आग लगाकर जानवरों को घेर लेते हैं। ऐसी घटनाएं हर साल सामने आती हैं।