पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ के जाखनी में कबाड़ के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग की लपटों की चपेट में पांच अन्य दुकानें भी आ गईं। इस अग्निकांड में लाखों का नुकसान होने की आशंका है। आग पर काबू पाने के लिए सेना की फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंच गई। समाचार लिखे जाने तक देर रात तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका था।
रविवार रात लगभग 8:30 बजे जाखनी स्थित कबाड़ के गोदाम में अचानक आग लग गई। गोदाम में गत्ते, कागज सहित अन्य सामान से देखते ही देखते लपटें उठने लगीं। इससे आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घरों में मैच देख रहे लोग घर से बाहर निकलकर सड़क पर आ गए। कबाड़ के गोदाम से लगी चार-पांच दुकानों को खतरा देखते हुए कुछ सामान निकाला गया लेकिन भीषण लपटों के कारण कुछ देर में यह दुकानें भी जल गईं।
स्थिति को देखते हुए फायर ब्रिगेड के तीन-चार वाहन मौके पर पहुंचे। इसके बावजूद आग पर नियंत्रण नहीं पाया जा सका। आग पर काबू पाने के लिए सेना ने भी अपना फायर ब्रिगेड भेजा। समाचार लिखे जाने तक आग नहीं बुझ पाई थी। आग बुझाने के प्रयास जारी थे। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। संवाद