चिमस्यानौला में दुकान में आग से नुकसान का जायजा लेते तहसीलदार विजय गोस्वामी और प्रभारी अग्निशमन
पिथौरागढ़। नगर के बीचों-बीच कपड़ों की एक दुकान में अचानक आग लग गई। आग के विकराल रूप धारण करने से दुकान में रखे कपड़े और अन्य सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि आग को फैलने से रोक दिया गया।
नगर के चिमस्यानौला निवासी कमला वर्मा के भवन के निचले तल पर गर्गुवा, धारचूला और हाल जीआईसी रोड निवासी हेमा धामी गारमेंट की दुकान का संचालन चलाती थी। बृहस्पतिवार की रात आठ बजे वह दुकान बंद कर घर चली गई थी। रात करीब 11 बजे अपनी दुकान बंद कर घर जा रहे कारोबारी राजेंद्र पांडे ने हेमा धामी की दुकान से आग की लपटें निकलती देखी थी। उन्होंने घटना की सूचना हेमा के साथ ही फायर विभाग को दी थी। इस पर दमकलकर्मी दो वाहनों के साथ मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। आग बुझने तक दुकान में रखे कपड़े और अन्य सामान पूरी तरह से जल गए थे। प्रभारी अग्निशमन अधिकारी नरेंद्र प्रसाद ने बताया कि दुकान में रखे इनवर्टर में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी थी। राजस्व विभाग आग से हुए नुकसान का आकलन कर रहा है।
-
आग फैलती तो होता बड़ा नुकसान
चिमस्यानौला में जिस दुकान में आग लगी थी, उसके आसपास कई प्रतिष्ठान हैं। दुकान के ऊपरी मंजिल पर लोगों के आवास भी हैं। यदि दुकान की आग अन्य प्रतिष्ठानों में फैलती तो इससे बड़ा नुकसान हो सकता था। संयोग से व्यापारी को दुकान में आग लगने का पता चल गया और सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने तत्परता से आग को फैलने से पहले ही काबू में कर लिया।
शॉर्ट सर्किट से थल में दो मंजिले में मकान में लगी थी आग
दो दिन पूर्व शॉर्ट सर्किट से थल के बल्याऊं गांव में भी दो मंजिला मकान जलकर खाक हो गया था। पीड़ित परिवार ने बेटी के विवाह के लिए मकान में पांच तोला सोना और छह तोला चांदी के जेवर और 90 हजार की नगदी भी रखी थी। सभी जेवर और नगदी आग की भेंट चढ़ गई।
कोट:
नगर में एक दुकान में आग लग गई। इनवर्टर में शॉर्ट सर्किट इसका कारण रहा है। नुकसान का आंकलन कर इसकी रिपोर्ट तैयार की जा रही है। विजय गोस्वामी, तहसीलदार, पिथौरागढ़