बगैर पद सृजित किए इंटर कॉलेज की मान्यता देने का दंश झेल रहे सल्लाचिंगरी के लोगों को जीआईसी में शिक्षक और अन्य स्टाफ के पद सृजित करने की मांग को लेकर चक्काजाम करने की एवज में मुकदमे झेलने पड़े हैं। पुलिस ने सड़क जाम करने के आरोप में 31 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पाटी पलचौड़ा की प्रधान सावित्री देवी, जाजरचिंगरी के प्रधान दीप कमल, क्षेत्र पंचायत सदस्य गजेंद्र राणा, सामाजिक कार्यकर्ता शेरी चंद, सरपंच लक्ष्मण सिंह, धनी चंद, सामाजिक कार्यकर्ता मनीष राम के साथ ही पीटीए पदाधिकारियों ने जारी विज्ञप्ति में कहा है कि वर्ष 1985 में स्थापित हाईस्कूल को इंटर का दर्जा देने की मांग इलाके की जनता लंबे समय से कर रही थी। वर्ष 2011 में तत्कालीन सरकार में मंत्री स्थानीय विधायक ने जनता को गुमराह कर बगैर पद सृजित किए ही हाईस्कूल के उच्चीकरण का शासनादेश जारी करा दिया।
कहा कि वर्ष 2012 में चुनाव के बाद सत्ता परिवर्तन हुआ, लेकिन जीआईसी में पद सृजित नहीं किए गए। 22 अगस्त 2014 को देहरादून में शिष्टमंडल मिला, उसका भी कोई लाभ नहीं मिला। 8 जुलाई 2015 को अभिभावकों ने सीएम, डीएम, एसपी को पत्र देकर 20 जुलाई तक पद सृजित न होने पर सड़क में उतरने की चेतावनी दी थी। पद सृजित नहीं हुए तो लोग सड़क में उतरे, विरोध जताया। अब लोगों को अदालत में मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है। कहा कि यह जनता के साथ सरासर अन्याय है।