टनकपुर (चंपावत)। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन की पटरी में कैरिज विभाग के वरिष्ठ तकनीशियन राम किशोर के संदिग्ध हालात में शव मिलने के मामले में जीआरपी की जांच जारी है। यूपी के जिला फर्रुखाबाद से परिजन टनकपुर पहुंचे और पोस्टमार्टम के बाद शव अपने साथ ले गए। मृतक अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। तीन अविवाहित पुत्री, एक छोटे पुत्र के सिर से पिता का साया उठ गया। मृतक के परिजन और रिश्तेदारों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।
जीआरपी के अनुसार सोमवार की सुबह करीब 8:30 बजे स्टेशन के कैरिज विभाग में कार्यरत वरिष्ठ तकनीशियन राम किशोर (46) निवासी राजीव गांधी नगर, जिला फर्रुखाबाद, यूपी का प्लेटफॉर्म संख्या तीन में शव मिला था। जीआरपी ने परिजनों को सूचना भेजी थी। सोमवार देर शाम परिजन टनकपुर पहुंचे। मंगलवार की सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया गया।
मृतक के रिश्तेदार सतेंद्र, सुमीर, दिनेश कुमार ने बताया कि मृतक रामकिशोर टनकपुर में करीब डेढ़ वर्ष पहले तबादले में आया था, वह यहां किराए में रहता था। वह मूल रूप से जिला कासगंज का था। मृतक को पिता स्वर्गीय नेकशु बघेल की मृत्यु के बाद रेलवे में नौकरी मिली थी। मृतक के परिवार में पत्नी पूनम देवी, पुत्र आशीष कक्षा दसवीं का छात्र है। पुत्री नंदनी, जूली और सबसे बड़ी पुत्री आकांक्षा अविवाहित हैं। परिवार के पालन-पोषण का जिम्मा उनके ऊपर ही था। इधर, जीआरपी के एसआई रमेश गिरी ने बताया कि जांच जारी है।