सड़क के लिए जिला मुख्यालय में किया अनशन
- फोटो : अमर उजाला
राज्य सेक्टर से स्वीकृत चौड़मन्या-पाताल भुवनेश्वर और पीएमजीएसवाई से स्वीकृत राईआगर-भूल की अध्याली सड़क का निर्माण न होने से गुस्साए लोगों ने क्षेत्रीय संघर्ष समिति चौड़मन्या पाताल भुवनेश्वर के नेतृत्व में जिला मुख्यालय में क्रमिक अनशन शुरू किया। लोगों ने 100 की दूरी तय कर जिला मुख्यालय पहुंच कर प्रदर्शन किया।
संघर्ष समिति के अध्यक्ष दिवाकर रावल के नेतृत्व में कलक्ट्रेट पहुंचे लोगों ने कलक्ट्रेट स्थित धरनास्थल में डेरा जमाकर क्रमिक अनशन प्रारंभ किया। पहले दिन भूल की अध्याली के प्रधान राजेंद्र प्रसाद और सिमायल के प्रधान राधे राम क्रमिक अनशन में बैठे हैं। अनशनस्थल पर हुई सभा को संबोधित करते हुए संघर्ष समिति के अध्यक्ष रावल ने कहा कि आजादी के 69 साल बीतने के बाद भी चामाचौड़ा, मनगड़, सेला, गनौरा, सिमायल, नानी शीतला, दौलावलिया क्षेत्र सड़क सुविधा से वंचित है। राज्य सेक्टर से स्वीकृत चौड़मन्या-पाताल भुवनेश्वर और पीएमजीएसवाई से स्वीकृत राईआगर-भूल की अध्याली सड़क का निर्माण नहीं किया जा रहा है।
सड़क सुविधा से वंचित लोगों ने 2014 के लोकसभा चुनाव का बहिष्कार किया था लेकिन इसके बाद भी सड़क निर्माण की बाधाओं को दूर नहीं किया जा रहा है। कहा मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। सामजिक कार्यकर्ता दीपक नेवलिया ने कहा कि सड़क विकास की पहली जरूरत है। सड़क विहीन इलाकों को यातायात सुविधा से जोड़ा जाना चाहिए। सड़क न होने से लोगों को तमाम परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। धरने में रवि दशौनी, विक्की दशौनी, गोविंद दशौनी,नरेश रावल, दीपक रावल, हर्षवर्धन जोशी, अजय राज आदि बैठे।