चंपावत। सहकारी बैंकों में तैनात सभी सचिवों के हड़ताल पर जाने से काश्तकारों की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। सहकारी समितियों के माध्यम से ग्रामीण किसानों को मिलने वाली विभिन्न सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं। किसानों को ऋण लेने, खाद प्राप्त करने समेत अन्य कार्यों में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इससे खेतीबाड़ी से जुड़े कार्य भी प्रभावित होने लगे हैं।
जिले में संचालित 23 सहकारी समितियों में तैनात सचिवों के हड़ताल पर जाने से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पैक्स सचिव कर्मचारी संगठन के बैनर तले सचिव अपनी छह सूत्री मांगों के लिए पांच अक्तूबर से देहरादून स्थित निबंधक कार्यालय में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना है कि अब तक मांगों पर सुनवाई नहीं हुई है।
संगठन के महामंत्री हरीश चंद्र जोशी ने बताया कि सचिवों की हड़ताल के चलते जिले की सभी 23 सहकारी समितियों से जुड़े हजारों काश्तकारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जब तक मांगें नहीं मानी जाती हैं तब तक आंदोलन जारी रहेगा। धरना-प्रदर्शन में ललित चौड़ाकोटी, हरीश मथेला, तुलसी दत्त भट्ट, महेश सिंह बोहरा और खीम सिंह कुंवर आदि मौजूद थे।