फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pithoragarh News: आसमान से बरस रही आफत, किसान हुए हलकान; मूसलाधार बारिश से सब्जी और फलों को पहुंचा नुकसान

Wed, 21 May 2025 02:43 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, पिथौरागढ़

सार

पिथौरागढ़ जिले में चार दिन से लगातार हो रही खंडीय बारिश और ओलावृष्टि से किसान बेहाल हैं। जिले के सैकड़ों काश्तकार सब्जी और फलों के उत्पादन से आजीविका चलाते हैं।
विज्ञापन
बंगापानी के मदरमा में आंधी से क्षतिग्रस्त मकान। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पिथौरागढ़ जिले में चार दिन से लगातार हो रही खंडीय बारिश और ओलावृष्टि से किसान बेहाल हैं। अधिकांश क्षेत्रों में इन दिनों शाम के समय भारी बारिश हो रही है। जिले के सैकड़ों काश्तकार सब्जी और फलों के उत्पादन से आजीविका चलाते हैं। मूसलाधार बारिश के साथ ओलावृष्टि के कारण किसानों को काफी नुकसान झेलना पड़ रहा है।

विज्ञापन


दो दिन पूर्व हुई मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि से बेड़ीनाग में काश्तकारों को काफी नुकसान पहुंचा है। खेतों में लगी सब्जी और पौध बारिश के साथ बह गए हैं। वहीं बीते सोमवार को बंगापानी, मदकोट और नाचनी में हुई अतिवृष्टि से मिर्च, बैंगन, शिमला मिर्च, लोकी, कद्दू, ककड़ी, तुरई के साथ ही धान की पौध भी बर्बाद हो गई। बगडी गांव के समाजसेवी युवा सुनील कठायत ने बताया कि नेपाल सीमा से लगे अमतड़ी, बगड़ी गांव, रणवा, पंतसेरा, द्वालीसेरा आदि जगहों पर आम, पपीता, लीची और केला अंधड़ के कारण बर्बाद हो गए हैं। उन्होंने प्रभावित काश्तकारों को मुआवजा देने की मांग की है।

डोटी में बिजली से महिला की मौत
झूलाघाट से सटे नेपाल के डोटी क्षेत्र में बिजली गिरने से एक महिला की मौत जबकि एक अन्य महिला घायल हो गई। डोटी के पूर्वी चौकी गांवपालिका 2 वाडी गांव निवासी देवमती साउद अपने घर के बरामदे में बैठी थीं। इसी दौरान बिजली गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। इलाज के लिए उन्हें डोटी के जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डाॅक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, गांव की ही अस्मिता ओली बिष्ट भी बिजली की चपेट में आ आकर घायल हो गईं। उन्हें डोटी से धनगड़ी हायर सेंटर रेफर किया गया है।
विज्ञापन


मदरमा में आवासीय मकान क्षतिग्रस्त
बंगापानी क्षेत्र के ग्राम सभा मदरमा निवासी चंद्र सिंह पुत्र खुशाल सिंह का आवासीय मकान आंधी में क्षतिग्रस्त हो गया है। निर्धन चंद्र सिंह मकान की मरम्मत कराने में असमर्थ है। यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विक्रम दानू ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। 

बकरियां चराने गई महिला खाई में गिरने से घायल
नाचनी के तल्ला जोहार क्षेत्र में सोमवार दोपहर बाद हुई भारी बारिश एवं आंधी के बीच धामी गांव के पटौटी तोक की परुली देवी पत्नी गंगा सिंह घायल हो गईं। वह जंगल में बकरियां चराने गई थीं। सड़क बंद होने से उन्हें बांसबगड़ तक पैदल लाकर 108 सेवा के माध्यम से तेजम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें रेफर कर दिया गया। सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र सिंह ने बताया कि दोपहर बाद बकरियां घर पहुंच गईं। परुली देवी के नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी खोज की तो वह खाई में गिरी मिलीं। भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपू चुफाल ने डीएम को पत्र लिखकर घायल महिला को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।

इधर, मूसलाधार बारिश से होकरा-नामिक सड़क पौड़ी रौली में बह गई है। बांसबगड़-धामी गांव में 16 किलोमीटर तक सड़क कई जगह मलबा आने और दीवारें धंसने से बंद हो गई है। दुलियाबगड़-बजेता रोड गोलगांव के पास क्षतिग्रस्त होने से बंद है। धामी गांव के ग्रामीणों का कहना है कि इस महीने गांव में 14 विवाह और जनेऊ संस्कार होने हैं। सड़क दो कार्यदायी संस्था लोनिवि और पीएमजीएसवाई के अधीन है। यदि सड़क नहीं खुली तो उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। गांव में खाद्यान्न एवं अन्य आवश्यक सामग्री की भी किल्लत हो जाएगी। लोनिवि के अवर अभियंता कृष्ण सिंह पिपलिया और पीएमजीएसवाई के अवर अभियंता बलदेव प्रसाद ने कहा कि जेसीबी लगाकर शीघ्र सड़क को खोल दिया जाएगा। 

डिग्री कॉलेज के आंगन में आई दरार
गणाई गंगोली में बारिश से राजकीय महाविद्यालय के मुख्य भवन के आगे की जगह धंस गई है। आंगन में दरार आने से भवन को खतरा बना हुआ है। निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य चंदन बाणी ने इसकी सूचना तहसील प्रशासन को दे दी है। संवाद
विज्ञापन


कहां कितनी बारिश
पिथौरागढ़     11 मिमी
बंगापानी      64 मिमी
धारचूला      46.80 मिमी
मुनस्यारी    12.2 मिमी
तेजम       11 मिमी
थल           24.20 मिमी
मुनस्यारी    13.2 मिमी
बेड़ीनाग  10 मिमी

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें