पिथौरागढ़ में अधिकारियों की बैठक लेते कुमाऊं आयुक्त पांडियन
- फोटो : अमर उजाला
कुमाऊं कमिश्नर डी सैंथिल पांडियन ने कहा कि निष्पक्ष और शांतिपूर्वक मतदान कराना सभी अधिकारियों का दायित्व है। निर्वाचन के काम में किसी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं होगी।
कुमाऊं कमिश्नर ने निर्वाचन से जुड़े नोडल और कार्मिक अधिकारियों की बैठक में चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। कहा कि मतदान के दिन सभी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करें, इसके लिए बूथवार मतदाता जागरूकता अभियान चलाना होगा। दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाने के लिए सहायक की तैनाती करने के निर्देश दिए। दिव्यांग मतदाताओं के लिए डोली की व्यवस्था करने को कहा। कमिश्नर ने पोलिंग स्टेशन तक पहुंचने के लिए सभी यातायात मार्गों को दुरुस्त रखने के साथ ही बर्फबारी, भूस्खलन वाले स्थानों पर पहले से ही जेसीबी, डोजर, स्नो कटर की व्यवस्था करने, एसडीआरएफ की टीम भी तैनात करने, उच्च हिमालयी क्षेत्र में तैनात होने वाले कार्मिकों का पहले ही मेडिकल परीक्षण कराने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा निर्वाचन के काम में लगे कार्मिकों को पहले ही पोस्टल बैलेट उपलब्ध करा दें, ताकि कोई भी कार्मिक मतदान से वंचित न हो। कमिश्नर ने मतदाताओं को शराब, नकदी बांटने पर कड़ी नजर रखते हुए छापेमारी अभियान चलाने, आबकारी विभाग अवैध शराब की रोकथाम के लिए छापेमारी करने के निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी डा. रंजीत कुमार सिन्हा ने चुनाव की तैयारियों की जानकारी कमिश्नर को दी। बैठक में कई अधिकारी मौजूद थे।