धारचूला में इंटर की परीक्षा देकर खुशी जताती छात्राएं। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा के प्रथम दिन इंटर हिंदी का प्रश्नपत्र आसान आने से छात्र-छात्राओं के चेहरे खिल गए।
सोमवार को जिले के सभी केंद्रों में सुबह 10 बजे से परीक्षा शुरू हुई। जिले भर में इंटरमीडिएट हिंदी की परीक्षा के लिए 6565 बच्चे पंजीकृत थे। जिसमें शिक्षा विभाग के पास 70 केंद्रों की सूचना आ पाई। इन केंद्रों में 4998 बच्चे उपस्थित और 78 बच्चे अनुपस्थित रहे। दूरस्थ क्षेत्र होने के कारण शिक्षा विभाग के पास 22 केंद्रों की सूचना नहीं आ पाई। सीईओ अशोक कुमार जुकरिया ने दूरस्थ परीक्षा केंद्र होकरा, तेजम, नाचनी के परीक्षा केंद्रों को निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक डॉ. एके गुंसाई ने अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्र कनालीछीना सहित छड़नदेव, पीपली के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक पुष्पराज भट्ट ने भी कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।