पिथौरागढ़। पर्यावरण बटालियन शिफ्ट करने का विरोध करते हुए पिछले कई दिनों से आंदोलनरत पूर्व सैनिक अपनी मांग पर अड़े हैं। फिलहाल उन्होंने केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा के धरना समाप्त करने के आग्रह को भी ठुकरा दिया। कलक्ट्रेट के बाहर पूर्व सैनिकों का धरना रविवार को 14वें दिन भी जारी रहा।
उन्होंने केंद्र सरकार से 130 पर्यावरण बटालियन को गुजरात और राजस्थान स्थानांतरित करने के फैसले को वापस लेने की मांग की। पूर्व सैनिकों के आंदोलन पर अडिग रहने के फैसले से बीजेपी नेताओं की चिंता बढ़ गई है। बीते दिवस यहां पहुंचे केंद्रीय सड़क एवं परिवहन राज्यमंत्री टम्टा ने पूर्व सैनिकों से आंदोलन खत्म करने का आग्रह किया। कहा कि पूर्व सैनिकों के हित में इस मामले पर वह रक्षा मंत्री और पर्यावरण मंत्री से वार्ता कर समाधान निकालने का प्रयास करेंगे।
इस दौरान पूर्व सैनिकों ने मंत्री के समक्ष केंद्र सरकार से पर्यावरण बटालियन को शिफ्ट करने के निर्णय को तत्काल निरस्त करने की मांग की। बहरहाल पूर्व सैनिकों के इस रवैये से केंद्रीय राज्यमंत्री और अन्य भाजपा नेता भी चिंतित नजर आए।
रविवार को पूर्व सैनिकों ने केंद्र सरकार के इस निर्णय के खिलाफ नारेबाजी की और सरकार के इस कदम को पूर्व सैनिकों व पहाड़ का विरोधी बताया। धरनास्थल पर गिरधर खनका, भूपाल सिंह, राजेंद्र जोरा, दयाल मेहता, सेना मेडल बिक्रम सिंह मेहता, प्रह्लाद बोहरा और दिवाकर बोहरा आदि मौजूद रहे।