टनकपुर(चंपावत)। शारदा वन रेंज से सटे गांवों में हाथियों के घुसने के मामले फिर सामने आए हैं। ताजा घटनाओं में हाथियों ने एक ग्रामीण की कच्ची रसोई और दूसरे की दीवार को क्षतिग्रस्त कर दिया।
गैंडाखाली नंबर एक में सोमवार देर रात सुरेंद्र प्रसाद के कच्चे रसोई घर में हाथी घुस गया। हाथी ने रसोई घर को तोड़ दिया और उसमें रखा सामान तहस-नहस कर दिया। इससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। उचौलीगोठ के समाजसेवी गणेश महर ने इस घटना की जानकारी दी। बूम से लगे ब्रह्मदेव में भी हाथी ने किसान राजू भट्ट की दीवार तोड़ दी। हाथी ने दीवार तोड़कर घर में घुसने का प्रयास किया। समाजसेवी घनश्याम भट्ट ने इस घटना की पुष्टि की। पीड़ित ग्रामीणों ने वन विभाग से उचित मुआवजे की मांग की है।