मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। पर्यटन नगरी में यूपीसीएल ने होम स्टे और घरों में बिजली चोरी पकड़ी है। यूपीसीएल ने 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। अब संबंधितों पर जुर्माना भी लगेगा।
यूपीसीएल के उपखंड अधिकारी गिरीश आर्या ने बताया कि बिजली चोरी रोकने के लिए क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान नई बस्ती निवासी गौतम पांगती, रुद्र राम, बाला राम, जैंती निवासी खड़क सिंह, बर्नियागांव निवासी नाथो राम, शंखधुरा निवासी दलीप सिंह, सरमोली निवासी मुन्ना सिंह, दरातीं निवासी बलवंत सिंह, लक्ष्मण सिंह, खसियाबाड़ा दुर्गेश सिंह बिजली चोरी करते मिले। संबंधितों ने कटिया डालकर और मीटर से पहले तार काटकर अपने घरों और होम स्टे को रोशन करने के लिए बिजली चोरी की। संबंधितों के कनेक्शन काटकर उनके खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। सभी पर जुर्माना भी लगाया जाएगा इसका जल्द ही आंकलन होगा। टीम में अवर अभियंता बहादुर गनघरिया, सुरेश आर्या, प्रेम चंद आदि शामिल रहे।