पिथौरागढ़। सरकारी विभाग बिजली का इस्तेमाल कर बिल जमा करने में आम उपभोक्ताओं से काफी पीछे हैं। जिले में 39 सरकारी विभागों को यूपीसीएल का 26 करोड़ 17 लाख 56 हजार रुपये का भुगतान करना है। इसके लिए यूपीसीएल विभागों को लगातार नोटिस भेज रहा है। बकाए बिल का शीघ्र भुगतान नहीं करने पर यूपीसीएल इन विभागों के बिजली के कनेक्शन काट देगा।
जल संस्थान ने सर्वाधिक 21 करोड़ 88 लाख 20 हजार और लघुडाल विभाग ने दो करोड़ 10 लाख 59 हजार रुपये का भुगतान करना है। दोनों विभागों के बिलों का भुगतान शासन स्तर से लंबित है। इसके अलावा नगर पालिका, नगर पंचायतों ने एक करोड़ पांच लाख 56 हजार रुपये बिजली बिल का भुगतान करना है जिसमें पिथौरागढ़ पालिका को सर्वाधिक एक करोड़ रुपये के बिल का भुगतान करना है।
स्वास्थ्य विभाग को 54 लाख सात हजार रुपये बिल का भुगतान करना है जिसमें सर्वाधिक बिल बेस अस्पताल पिथौरागढ़ को 50 लाख रुपये का भुगतान करना है। बेसिक एजुकेशन ने 23 लाख 50 हजार, सेकेंड्री एजुकेशन ने 10 लाख 12 हजार, एडमिनिस्ट्रेशन ने तीन लाख 64 हजार, राजस्व विभाग ने तीन लाख 35 हजार, तकनीकी शिक्षा विभाग ने दो लाख 52 हजार रुपये का भुगतान करना है। 17 बैंकों का एक लाख 62 हजार रुपये समेत उद्यान, वन, पर्यटन विभाग, होम्योपैथिक अस्पताल आदि ने भी बिल का भुगतान करना है।
बकाए बिल के भुगतान के लिए सभी बकाएदार विभागों को नोटिस भेजे जा रहे हैं। अगर समय रहते बिजली बिल का भुगतान नहीं किया गया तो कनेक्शन काट दिए जाएंगे। नितिन सिंह गर्खाल, ईई यूपीसीएल पिथौरागढ़।