पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ नगर निगम में मेयर का चुनाव बेहद रोचक रहा। कांग्रेस के दमदार विधायक माने जाने वाले मयूख महर के निर्दलीय उम्मीदवार मोनिका के समर्थन में आने से भाजपा और निर्दलीय में ही कांटे का मुकाबला माना जा रहा था।
मतगणना जब शुरू हुई तो निर्दलीय मोनिका बढ़त में रहीं। पहले राउंड में भाजपा की कल्पना को 1971 और निर्दलीय मोनिका महर को 2494 मत मिले। दूसरे राउंड में कल्पना को 2691 तो मोनिका को 2494 मत मिले। तीसरे राउंड में कल्पना को 2547 मत तो मोनिका को 2638 मत मिले। तीसरे राउंड तक निर्दलीय के आगे रहने से भाजपा के समर्थकों को एक बार ऐसा भी लगा जब चुनाव उनके हाथ से निकल चुका है। इस बीच निर्दलीय उम्मीदवार मोनिका के समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। चौथे और आखिरी राउंड में जब मतपेटियां खुलीं तो भाजपा को बढ़त मिली। यह बढ़त कल्पना को उनके बूथ से मिली। चौथे राउंड में भाजपा की कल्पना को 2250 मत तो निर्दलीय मोनिका को 1716 मत मिले। इससे मतगणना स्थल के बाहर का पूरा परिदृश्य ही बदल गया। जब 17 मतों से कल्पना देवलाल के जीतने की जानकारी मिली तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। मतगणना स्थल से भाजपा कार्यालय तक जुलूस की शक्ल में पहुंचे।
मतगणना के दौरान समर्थकों के बीच हुई झड़प
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जीआईसी परिसर में मतगणना के दौरान भाजपा और निर्दलीय उम्मीदवार के समर्थकों के बीच झड़प भी हुई। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस ने सख्ती करते हुए मामला शांत कराया। बाकी मतगणना का कार्य शांतिपूर्वक चला।
दिन भर मतगणना स्थल पर मौजूद रहे डीएम, एसपी
पिथौरागढ़। मतगणना के दौरान पिथौरागढ़ मतगणना स्थल पर डीएम विनोद गोस्वामी, एसपी रेखा यादव, सीडीओ डॉ. दीपक सैनी, एडीएम योगेंद्र सिंह मौजूद रहे। इसके अलावा मतगणना कार्य को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। सीओ गोविंद बल्लभ जोशी, कोतवाल ललित मोहन जोशी सहित आसपास के थानों के प्रभारी दल बल के साथ मौजूद रहे।
पिथौरागढ़ सीट पर बनी रही सबकी नजर
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ की नगर निगम सहित धारचूला, डीडीहाट, गंगोलीहाट, बेड़ीनाग और मुनस्यारी सीटों पर मतगणना हुई, लेकिन सभी की नजर पिथौरागढ़ मेयर पर रही। जिले के कोने कोने से लोग सुबह से ही पिथौरागढ़ मेयर पद के उम्मीदवारों की स्थिति पूछते रहे।