पिथौरागढ़। डीडीहाट के अल्मिया गांव निवासी बुजुर्ग दंपती ने बेटे की मौत के कारणों की दोबारा जांच की मांग की है। बुजुर्ग दंपती का कहना है कि वह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं हैं।
जिलाधिकारी को सौंपे पत्र में अल्मियां गांव सत्यालगांव निवासी पार्वती देवी और उनके पति भवान सिंह अल्मिया ने कहा है कि उनका पुत्र नारायण सिंह बागेश्वर में वाहन चलाता था। 28 जनवरी 2024 को बागेश्वर जिला अस्पताल में उसकी मृत्यु हो गई थी। उनका कहना है कि उन्हें दो दिन पूर्व पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिली है। इस रिपोर्ट से वह और उनका परिवार संतुष्ट नहीं है। दंपती ने जिलाधिकारी से पुलिस विभाग को फिर से जांच करने के लिए निर्देशित करने मांग की है।
इधर, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन ने भी नारायण सिंह की मौत के कारणों की दोबारा जांच करने की मांग की है। संगठन के अध्यक्ष मनोहर सिंह खाती ने कहा है कि मृतक नारायण सिंह की माता पार्वती देवी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की पुत्री हैं।