संवाद न्यूज एजेंसीधारचूला (पिथौरागढ़)। राजकीय इंटर काॅलेज गलाती की छात्रा अंजू बिष्ट पुत्री पान सिंह (दोपातल) ने इंटर की परीक्षा में 91.8 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। अंजू को 500 में से 459 अंक प्राप्त हुए। उन्होंने मेरिट सूची में 24वां और जिले में तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
सरपंच प्रेम सिंह और क्लास टीचर हेम चंद्र जोशी ने बताया कि अंजू के पिता मनरेगा में मजदूरी करते हैं और मां विमला देवी गांव में ही दूध और सब्जी बेचती हैं। बता दें ग्राम पंचायत गलाती में वर्तमान समय में संचार सुविधा नहीं है। विषम परिस्थितियों में अंजू ने अपनी मेहनत से यह सफलता हासिल की है। अंजू के मेरिट सूची में नाम आने पर प्रभारी प्रधानाचार्य राजेंद्र बिष्ट, हेम चंद्र जोशी और गुरुजनों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।