झूलाघाट (पिथौरागढ़)। भारतीय सीमा से लगे नेपाल के डोल्पा में ठुली वीरनगर दुनै स्थित जिला कारागार में सुरंग बनाकर आठ कैदियों के फरार होने का मामला सामने आया है। जिला प्रहरी कार्यालय के निरीक्षक अनिल गिरी ने बताया कि शनिवार सुबह प्रहरी ने गश्त के दौरान कारागार की दीवार के बाहर सुरंग देखी।
विज्ञापन
जांच की गई तो सुरंग का दूसरा छोर कारागार के भीतर मिला। आनन-फानन में कारागार में सजा काट रहे कैदियों की संख्या गिनी गई। आठ कैदी फरार मिले। 30 प्रहरी जवानों की टोली गठित कर फरार कैदियों के खोजबीन शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि फरार कैदियों में सल्यान निवासी 28 वर्षीय रेशम राना, जाजरकोट निवासी 25 वर्षीय यज्ञ विक, 19 वर्षीय कैलाश रोकाया, रोल्पा निवासी 28 वर्षीय धनुष बुढ़ा, 29 वर्षीय कपिल प्रसाद रोकाया, रूकुम पश्चिम निवासी 33 वर्षीय राम विक, 25 वर्षीय तिलक भंडारी व 32 वर्षीय आदेश भंडारी शामिल हैं।