पिथौरागढ़। राजकीय शिक्षक संघ की नई कार्यकारिणी की पहली बैठक जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह रावल की अध्यक्षता में शिक्षक भवन में आयोजित हुई। संगठन ने पदोन्नति और स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू नहीं होने पर आक्रोश जताया। जल्द प्रक्रिया शुरू नहीं होने पर 18 अगस्त से पूर्ण रूप से कार्य बहिष्कार करने का एलान किया है। जिले भर में 1455 शिक्षक पढ़ाना छोड़ आंदोलन करेंगे। इससे शिक्षा व्यवस्था पटरी से उतर जाएगी।
राजकीय शिक्षक संघ की बैठक में जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह रावल ने कहा कि 18 अगस्त से चॉक डाउन का निर्णय लिया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि 27 अगस्त से जिला मुख्यालय में धरना और घेराव होगा। योगेश डिमरी को प्रचार मंत्री का दायित्व दिया। संचालन जिला मंत्री देवेश अवस्थी ने किया। बैठक में भूपेंद्र सिंह भंडारी, जीवन चंद्र जोशी, प्रीति वर्मा, प्रेमा बोरा, रितेश तिवारी, धीरज मेहता, मनोज पांडे, भूपेंद्र सिंह चौहान, गंगा प्रसाद, मनोज वर्मा आदि मौजूद रहे।