डॉक्टरों की कमी से जूझ रहे और आपदा की दृष्टि से संवेदनशील पिथौरागढ़ जिले से पांच डॉक्टरों को हर माह 15-15 दिन तक अल्मोड़ा, बागेश्वर और चंपावत में ड्यूटी देनी होगी। कुमाऊं मंडल की स्वास्थ्य निदेशक डा. गीता शर्मा ने मुख्य चिकित्साधिकारी को इस आशय का आदेश जारी किया है। आदेश में संबद्ध किए जाने वाले डॉक्टरों के नाम और स्थान भी तय कर दिए हैं।
सीएमओ को मिले आदेश में कहा गया है कि जिला अस्पताल में कार्यरत फिजिशियन डा. एमएस कुंवर एवं डा. एमसी रजवार को हर महीने की एक से 15 तारीख तक जिला अस्पताल अल्मोड़ा और बागेश्वर में ड्यूटी देनी होगी। जिला अस्पताल के ही फिजिशियन डा. डीएस धर्मशक्तू को हर महीने 16 से 30 तारीख तक जिला अस्पताल चंपावत में ड्यूटी देनी होगी। इसी तरह जिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ और इमरजेंसी कक्ष में सेवा देने वाले डा. बीएस यादव को हर महीने की 16 से 30 तारीख तक बागेश्वर में ड्यूटी देनी होगी।
महिला अस्पताल के नवजात शिशु रोग विशेषज्ञ डा. एसएस नबियाल को एक से 15 तारीख तक बागेश्वर जिला अस्पताल से संबद्ध कर दिया गया है। यह सभी डॉक्टर महीने के शेष दिन अपनी मूल तैनाती वाले स्थान पर काम करेंगे। इधर, जानकारी मिली है कि जिलाधिकारी एचसी सेमवाल ने सीएमओ डा. यूएस अधिकारी को बुलाकर फिलहाल किसी भी डॉक्टर को इस रोटेशन के अनुसार नहीं भेजने के लिए कहा है। डीएम का तर्क है कि जिला आपदा की दृष्टि से संवेदनशील है और इस समय कैलास मानसरोवर यात्रा भी चल रही है। ऐसे में डॉक्टरों को संबद्ध करना उचित नहीं है। वह इस संबंध में शासन से वार्ता करेंगे। पिथौरागढ़ जिला अस्पताल में रोजाना भारी संख्या में मरीज आते हैं, यदि डॉक्टरों को दूसरे जिलों में ड्यूटी करनी पड़ी तो यहां की सेवाएं प्रभावित हो जाएंगी। आपात सेवाओं पर भी इस व्यवस्था का असर पड़ेगा।