राष्ट्रीय राजमार्ग पर उठता धूल का गुबार
- फोटो : अमर उजाला
बारहमासी सड़क पर बरसात में कीचड़ और अब उठते धूल के गुबार से लोग परेशान हैं। धूल से निपटने के कोई इंतजाम स्थल पर नहीं किए गए हैं।
पिथौरागढ़ के ऐंचोली से घाट तक 36 किमी के दायरे में इन दिनों उड़ती धूल से यात्री और वाहन संचालक परेशान हैं। सड़क पर मिट्टी पसरी होने के कारण जबरदस्त धूल उड़ती है। यदि एक भी वाहन आगे लग गया तो पीछे चलने वाले वाहन धूल से सन जा रहे हैं। दोपहिया चालकों के लिए सड़क बेहद खतरनाक बनी है।
आगे चल रहे वाहन के कारण उड़ रही धूल के कारण दोपहिया सवार मिट्टी से सन जा रहे हैं। आगे कुछ भी नहीं दिखाई देता है, इससे हादसे का अंदेशा रहता है। 36 किमी के दायरे में धूल से निपटने के लिए पानी के छिड़काव की दरकार है। यात्रियों का कहना है कि धूल से निपटने के लिए पानी का नियमित छिड़काव होना चाहिए।
बारहमासी सड़क पर पहले भी पानी का छिड़काव किया जा रहा था, फिर से सड़क पर पानी का छिड़काव कराया जाएगा। धूल से निजात दिलाई जाएगी।
-एनसी पांडे, सहायक अभियंता, एनएच।
थोड़े-थोड़े समय के लिए लग रहा जाम
पिथौरागढ़। बारहमासी सड़क पर फगाली के साथ ही घाट से मीना बाजार के बीच दो-तीन स्थानों पर सड़क कटिंग के काम चलने से थोड़े-थोड़े समय के लिए जाम लग रहा है। मौके पर लगी जेसीबी सड़क कटिंग के दौरान निकले मलबे को हटा रही है। शुक्रवार को फगाली के पास सड़क कटिंग के चलते समय-समय जाम लगता रहा। हालांकि 36 किमी के दायरे में अधिकतर स्थानों पर कटिंग होने के कारण अब जाम कम लग रहा है।