कैलाश मानसरोवर यात्रा को लेकर जारी रूट चार्ट के अनुसार इस बार कैलाश यात्रा छोटी हो गई है। पिछले वर्ष तक 28 दिन में पूरी होने वाली यात्रा इस बार 22 दिन में पूरी हो जाएगी।
यात्रा रूट चार्ट के अनुसर यात्रा 12 जून से शुरू हो रही है। यात्रा को लेकर आईटीबीपी ने सारी तैयारियां पूरी कर ली है।
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की सातवीं वाहिनी के सेनानी केदार सिंह रावत ने बताया कि कैलाश यात्रा को जाने वाला पहला दल 12 को दिल्ली से अल्मोड़ा को चलेगा। दल 13 जून को धारचूला पहुंच जाएगा।
इसके बाद 14 जून को सिर्खा से पैदल यात्रा शुरू हो जाएगी। यात्रा दल 15 जून को गाला, 16 जून को बूंदी और 17 को गुंजी पहुंचेगा। 18 जून को गुंजी में यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा।
मेडिकल परीक्षण पास करने वालों को ही यहां से आगे जाने की अनुमति मिलेगी।
19 जून को नाभिढांग, 20 जून को पहला दल चीन की सीमा में प्रवेश करेगा। इसके बाद यात्रियों का दल कैलाश पर्वत की परिक्रमा करने के बाद तीन जुलाई को दिल्ली पहुंच जाएगा।
नौ सिंतबर को यात्रा खत्म
रावत ने बताया विगत वर्ष तक यात्रा 30 सितंबर को समाप्त होती थी लेकिन इस बार यात्रा नौ सितंबर को ही पूरी हो जाएगी। यात्रा में 18 बैच जाएंगे। यात्रा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मेडिकल दल मई के अंतिम सप्ताह तक गुंजी पहुंच जाएगा। यात्रियों की सुरक्षा के लिए आईटीबीपी की विशेष डिजास्टर टीम लखनपुर से बूंदी तक तैनात कर दी जाएंगी।