टनकपुर (चंपावत)। हाइवे पर बिचई के पास सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में राजस्थान के अजमेर से आए दो पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए डंपर को अपने कब्जे में लेकर कोतवाली में खड़ा करा दिया है।
जानकारी के अनुसार, अजमेर के छह युवा बीटेक और इंजीनियरिंग के छात्र कार से कैंची धाम के दर्शन के बाद धारचूला घूमने गए थे और वहां से लौट रहे थे। सोमवार रात करीब 12:21 बजे हाईवे पर कार का टायर पंचर हो गया। जब वे कार का पंचर ठीक कर रहे थे तभी टनकपुर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी।
इस दुर्घटना में दीक्षांत शर्मा (23) और युवराज (24) के सिर में गंभीर चोटें आईं। दोनों घायलों को तुरंत उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉ. नौनिहाल सिंह की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। वहीं साथी रोहन शर्मा (18), वेंड्रील फर्नांडीज (18), रोहन शर्मा (18), खुश चौधरी (25) सुरक्षित हैं।