नाचनी (पिथौरागढ़)। मुनस्यारी से नाचनी को आ रहा डंपर बनिक के समीप अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल चालक को सीएचसी मुनस्यारी में भर्ती कराया गया है।
रविवार सुबह डंपर चालक वंशीराम निवासी कुमालगांव (थल) बनिक के पास नियंत्रण खो बैठा। इससे डंपर खाई में गिरने के बाद लगभग 50 मीटर नीचे एक पेड़ से टकराकर अटक गया। घास काटने गई महिलाओं ने दुर्घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी। सूचना पर नाचनी और मुनस्यारी से पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल को ग्रामीणों की मदद से निकाला। इसके बाद घायल को उपचार के लिए सीएचसी मुनस्यारी भेजा गया।
बताया जा रहा है कि क्षतिग्रस्त डंपर दरकोट में सड़क डामरीकरण के लिए डामर लेकर आ रहा था। दुर्घटना के समय वाहन में चालक ही मौजूद था।