थल (पिथौरागढ़)। सीमांत जिले का मौसम भालुओं के जीवन को भी प्रभावित करने लगा है। खराब मौसम के चलते भालू जंगलों से बाहर निकल रहे हैं। थल-डीडीहाट सड़क पर दो भालुओं के आपसी संघर्ष का वीडियो वायरल हो रहा है। वन विभाग के मुताबिक, बारिश और बर्फबारी के बाद ठंड और कोहरा छाने से भालू जंगलों से बाहर निकल रहे हैं।
बीते मंगलवार की देर रात करीब 10 बजे आपातकालीन सेवा 108 के चालक विजेंद्र सिंह और फार्मासिस्ट भूपेंद्र सिंह ड्यूटी खत्म कर एंबुलेंस लेकर थल से डीडीहाट की तरफ आ रहे थे। इसी बीच थल से 13 किलोमीटर दूर लामाघर के पास उन्हें बीच सड़क पर दो बड़े भालू नजर आए जो आपस में संघर्ष कर रहे थे। चालक ने भालुओं के संघर्ष का फोन पर वीडियो बनाया।
चालक विजेंद्र सिंह ने बताया कि करीब पांच मिनट तक दोनों के बीच संघर्ष होता रहा। जब एंबुलेंस की लाइट उनकी आखों पर पड़ी तो वे जंगल में भाग गए। सोशल मीडिया पर पोस्ट उनका यह वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है। वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग की टीम ने संबंधित क्षेत्र में गश्त शुरू कर दी है। हालांकि टीम को भालू नजर नहीं आए। वन विभाग के मुताबिक भालुओं के साथ ही लोगों की सुरक्षा के लिए गश्त की जा रही है।
ठंड और कोहरा बताया जा रहा है भालुओं के जंगलों से बाहर निकलने का कारण
आमतौर पर लामाघर क्षेत्र का जंगल भालुओं का डेरा है। हालांकि सड़क पर यह बहुत कम नजर आते हैं। सड़क पर इनकी मौजूदगी से वन विभाग भी हैरत में है। वन विभाग का मानना है कि इन दिनों जिले में ठंड पड़ रही है। वहीं बारिश के बाद घाटी वाले इलाकों में घना कोहरा छा रहा है। लामाघर क्षेत्र रामगंगा घाटी वाला क्षेत्र है, वहां भी कोहरा छा रहा है। वन विभाग के मुताबिक, आमतौर पर भालू कोहरे के बीच रहना पसंद नहीं करते। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि जंगल में ठंड और कोहरे के चलते भालू वहां से निकल कर सड़क तक पहुंचे होंगे।
कोट
लामाघर में सड़क पर भालू नजर आने का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो पर नजर पड़ते ही टीम को संबंधित क्षेत्र में भेजा गया। लोगों की सुरक्षा के लिए गश्त की जा रही है। ठंड और कोहरे के चलते भालू जंगल से निकल कर सड़क तक पहुंचे हैं। संबंधित क्षेत्र में पूर्व से ही भालू की मौजूदगी है। - सुरेंद्र सिंह रावत, रेंजर, डीडीहाट
फोटो-06 पीटीएच 18 पी-थल और डीडीहाट के बीच लामाघर में सड़क पर नजर आए भालू। फोटो : विजेंद्र सिंह
तेंदुए का खौफ बरकरार, लोगों से सतर्कता बरतने की अपील
लोहाघाट (चंपावत)। बाराकोट क्षेत्र में तेंदुए के खौफ के चलते वन विभाग की टीम ने डोबाभागू क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के साथ लोगों को जागरूक किया। बुधवार को रेंजर आरके जोशी के निर्देश पर वन दारोगा प्रकाश नाथ गोस्वामी के नेतृत्व में टीम ने तड़ीगांव, अतखंडी, डोबाभागू समेत आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में पहुंच कर स्थानीय लोगों को तेंदुए से बचाव के उपाय बताए। वन विभाग ने ग्रामीणों से घरों के आसपास उगी झाड़ियों और घास का नियमित कटान करने, घरों के आसपास पर्याप्त रोशनी का इंतजाम करने, सुबह-शाम आवाजाही करते समय विशेष सावधानी बरतें, बच्चों को अकेले घर से बाहर न जाने देने की अपील की है। रेंजर ने बताया कि क्षेत्र में हाल में तेंदुए की सक्रियता बढ़ी है, वन विभाग लगातार निगरानी रख रहा है। संवाद