झूलाघाट-पिथौरागढ़ मार्ग पर सड़क किनारे एक्सपायरी दवाएं, इंजेक्शन, ग्लूकोज की बोतल जैसी सामग्री फेंकी मिली। पास ही सिलेरी मंदिर होने से क्षेत्र के लोग खासे नाराज हैं। लोगों ने इस मुद्दे को डीएम के समक्ष उठाने का ऐलान किया।
कूड़े के ढेर देखते ही बौखलाए लोगों ने तत्काल इसकी सूचना सीएमओ को दी। लोगों की मांग है कि इस तरह की हरकत करने वालों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही यह भी पता लगाया जाए कि किन कारणों से इन दवाओं का उपयोग नहीं हुआ। कूड़े के ढेर के बीच में दवाओं के डिब्बे, डिस्पोजल सिरिंज, इंजेक्शन जैसी सामग्री भी पड़ी है।
ग्राम प्रधान मंजू देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य नवीन चंद्र, रघुवीर चंद, योगेश चंद, हरीश चंद, शिव चंद, भूपाल चंद आदि ने कहा कि वह इस मुद्दे को अब डीएम के सामने उठाएंगे। सीएमओ डा. डीके श्रीवास्तव का कहना है कि इस मामले की जांच के लिए बड़ालू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के डा. आरके जोशी को भेजा जा रहा है। जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि आखिर मामला क्या है।