राजकीय कन्या इंटर कॉलेज नमजला की छात्राओं ने मंगलवार को कक्षाओं का बहिष्कार कर एसडीएम कार्यालय के सामने धरना दिया। मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र के इस विद्यालय में सिर्फ चार अध्यापिकाएं तैनात हैं और उनको कक्षा छह से 12 तक की कक्षाओं का संचालन करना पड़ता है। इंटर की कक्षाओं को पढ़ाने के लिए कोई प्रवक्ता नहीं है। विद्यालय की पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो गई है।
शिक्षक अभिभावक संघ की अध्यक्ष लीला देवी के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय पहुंची छात्राओं ने कहा कि विद्यालय में ज्यादातर गरीब घरों के बच्चे हैं। उन्होंने कहा कि सीमांत के इस विद्यालय की दशा सुधारने के लिए किसी भी स्तर पर कोई पहल नहीं हुई, यदि शिक्षकों की तैनाती होती भी है तो वह कुछ समय बाद अपना ट्रांसफर कराकर यहां से चले जाते हैं।
उनकी जगह नई तैनाती नहीं की जाती। तहसील मुख्यालय के ही इस कन्या विद्यालय की यह हालत है तो अन्य जगहों के बारे में सोचा जा सकता है। छात्राओं ने कहा कि यदि जल्दी रिक्त पद नहीं भरे गए तो बेमियादी धरना शुरू कर दिया जाएगा। एसडीएम वैभव गुप्ता ने कहा कि जुलाई तक रिक्त पदों पर तैनाती कर दी जाएगी। हाल ही में एलटी के कई पदों में नियुक्ति हुई है। इनमें से कुछ अध्यापक यहां भी मिल जाएंगे।