कुमौड़ गांव की महिलाओं ने मंगलवार को एसडीएम कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया और ज्ञापन देकर नगर क्षेत्र में स्थित खतरनाक पेड़ों को गिराने और लोगों के जानमाल की सुरक्षा किए जाने की मांग की। कहा कि नगर में कई पेड़ इतनी जर्जर हालत में हैं कि अंधड़ और बारिश के समय गिरकर वह बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।
कुमौड़ की महिलाओं का कहना है कि दो दिन पहले आए अंधड़ से कुमौड़ में ममता महर के मकान के पास बड़ा पेड़ गिर गया। सौभाग्य से पेड़ की चपेट में कोई नहीं आया। महिलाओं ने कहा कि यदि नगर क्षेत्र का सर्वे किया जाए तो दर्जनों पेड़ ऐसे हैं जो किसी भी समय गिर सकते हैं। महिलाओं ने कहा कि यदि अंधड़ के समय कोई पेड़ गिरा तो लोगों की संपत्ति और जान को खतरा हो सकता है। नगर क्षेत्र में खड़िक के पेड़ों की संख्या अधिक है और इनका तना बहुत कमजोर होता है। हवा के हल्के झोके में ही इनके गिरने का खतरा रहता है।
एसडीएम अनुराग आर्य ने कहा कि खतरनाक हालत में पहुंचे पेड़ों का सर्वे किया जाएगा और वन विभाग के माध्यम से उनको गिराने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कहीं पर इस तरह के पेड़ हैं तो लोग खुद भी जानकारी दे सकते हैं। प्रदर्शन में पार्वती देवी, ममता महर, निर्मला बिष्ट, तुलसी देवी, ममता, भावना महर, गोविंदी महर समेत कुमौड़ गांव की तमाम महिलाएं शामिल थी। बता दें कि दो दिन पहले चले अंधड़ के दौरान नगर क्षेत्र में एक दर्जन पेड़ गिर गए। इससे बिजली की लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। ऐंचोली में एक पेड़ कार के ऊपर जा गिरा था।