बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। पौसा पोस्ताला पेयजल योजना के गोरघटिया नदी में लगे लिफ्ट पंपिंग योजना में अनियमितता से भड़के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसील कार्यालय में प्रदर्शन किया। उन्होंने डीएम को ज्ञापन भेजकर पेयजल योजना की जांच कराने की मांग की।
नगर पंचायत अध्यक्ष हेम पंत के नेतृत्व में बुधवार को कांग्रेसी तहसील कार्यालय में एकत्र हुए। पंत ने कहा कि पौसा पोस्ताला पेयजल योजना की गोरघटिया नदी में कार्यदायी संस्था जल निगम के लगाए गए पंप खराब हैं जिस कारण पानी लिफ्ट नहीं हो पा रहा है। योजना के रखरखाव की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी सड़कों पर बह रहा है।
आरोप लगाया कि जल निगम ने चहेतों और प्रभावशाली लोगों को मुख्य लाइन से संयोजन दिए हैं। उन्होंने कहा कि अनियमितताओं को शीघ्र दूर नहीं किया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अमित पाठक, विमल पंत, कैलाश चन्याल, प्रदीप कार्की, पूरन राम, पवन टम्टा, मदन राम, पिंटू आदि मौजूद थे।