पिथौरागढ़। मानसूनकाल में सड़कों पर होने वाले जलभराव से राहत दिलाने के पूर्व में जो दावे किए गए, वे शुरुआती बारिश में ही चोक हो गए हैं। नगर में जहां-तहां नालियां कूड़े और गंदगी से पटीं हैं। इनमें बहने वाला पानी सड़कों से होते हुए लोेगों के घरों और दुकानों में घुस रहा है।
बीते दिनों हुई बारिश में नगर की नालियां बंद हो गईं। इससे इनका गंदा पानी आंतरिक सड़कों पर बहने लगा था। बंद हुईं इन नालियों को अब तक नहीं खोला गया है।
नगर की आंतरिक सड़कों के साथ ही धारचूला हाईवे पर नालियों की सफाई नहीं हो सकी है। इस वजह से सड़कों पर नालों की तरह बहने वाला बारिश का पानी वाहन चालकों, यात्रियों और राहगीरों के साथ ही आसपास रहने वाले लोगों की दिक्कतें बढ़ा रहा है। संवाद न्यूज एजेंसी ने मंगलवार को नगर और आसपास की सड़कों पर चोक नालियों की पड़ताल की।
यहां बंद मिलीं नालियां
बैंक रोड, तिलढुकरी, टकाना सहित अन्य हिस्सों में अब भी नालियां चोक हैं। धारचूला हाईवे पर सिल्थाम तिराहे से रई पुल तक बंद नाली स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। बंद नालियों की यदि जल्द तली झाड़ सफाई नहीं की गई तो बरसात के मौसम में दिक्कतें काफी बढ़ सकती हैं। रई पुल पर बारिश के पानी के साथ बहकर आया मलबा जमा होने से लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। पानी निकासी न होने से पिछले दिनों पुल और इसके आसपास करीब 15 मीटर के दायरे में पानी एकत्र हो गया था। पूरी सड़क तालाब में तब्दील हो गई थी।
थोड़ी बारिश में ही घरों-दुकानों में घुसता है पानी
बीते दिनों पुराने बाजार में नालियों और चैंबरों के चोक होने से बारिश का पानी पांच से अधिक दुकानों में घुस गया था। इससे व्यापारियों को काफी नुकसान झेलना पड़ा था। सिल्थाम से रई तक सड़कों पर बहने वाला बारिश का पानी भी घरों में घुसता है।
कोट
नालियां चोक होने से बारिश का पानी सड़कों पर बहने लगता है और घरों में भी घुस जाता है। बंद नालियों को खोलना आवश्यक है। ऐसा नहीं हुआ तो मानसूनकाल में दिक्कत होगी। - शंकर भट्ट, रई
बारिश से पहले नालियों की तलीझाड़ सफाई की जानी चाहिए। बैठकों में इसके दावे तो लेकिन धरातल पर फिलहाल कोई कार्य नहीं हुआ है। यदि नालियां नहीं खुलीं और पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं हुई तो बरसात में परेशानी बढ़ जाएगी। - बाला दत्त कापड़ी, रई।
तिलढुकरी रोड पर नाली चोक होने से हल्की बारिश में भी सड़क पर नाले की तरह पानी बहता है। बंद नालियों को खोलना आवश्यक है, जिम्मेदारों को इसके लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। - जीवन पंत, तिलढुकरी
सड़क की कार्यदायी संस्थाओं को बंद नालियां खोलने के साथ ही पानी निकासी की उचित व्यवस्था करने के लिए कहा गया है। फिर से सभी संस्थाओं को पत्र लिखा जाएगा। मानसूनकाल शुरू होने से पहले बंद नालियों को खोला जाएगा। - राजदेव जायसी, सहायक नगर आयुक्त, नगर निगम, पिथौरागढ़