पिथौरागढ़। शीतकाल को लेकर डीएम ने अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को जिले में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टाक रखने को कहा। डीएम ने कहा कि मुनस्यारी क्षेत्र में डीजल और पेट्रोल का स्टाक खत्म होने की अधिक शिकायतें मिलती हैं। इस बार शिकायतें नहीं मिलनी चाहिए। बैठक में बीआरओ के अधिकारियों के नहीं आने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई।
डीएम रीना जोशी ने एसडीएम को प्रत्येक गरीब व्यक्ति को कंबल बांटने के साथ ही धारचूला के विस्थापित परिवारों को भी कंबल देने को कहा। उन्होंने एसडीएम और नगर निकायों के अधिकारियों को सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने के निर्देश दिए। वन विभाग के अधिकारियों को सभी टालों पर सूखी लकड़ी का पर्याप्त स्टाक रखने, एसडीएम को रेन बसेरों का निरीक्षण कर पेयजल, विद्युत, बिस्तर, शौचालय की व्यवस्थाओं में सुधार करने, लोनिवि, पीएमजीएसवाई, एनएच, बीआरओ के अधिकारियों को पाला संभावित क्षेत्रों में एक सप्ताह के भीतर चेतावनी बोर्ड लगाने, पाला संभावित क्षेत्रों में नियमित रूप से चूने और नमक का छिड़काव करने, बर्फ संभावित क्षेत्रों में सड़कों को खोलने के लिए जेसीबी सहित अन्य मशीनें तैनात रखने को कहा।
उन्होंने बर्फबारी वाले क्षेत्रों में मार्च तक का राशन सस्ता गल्ला विक्रेताओं को उपलब्ध कराने को कहा। डीएम ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को जिला चिकित्सालय सहित सभी सीएचसी और पीएचसी में सभी आवश्यक दवाओं को स्टाक रखने को कहा। बैठक में एडीएम एफआर चौहान, सीईओ अशोक कुमार जुकरिया, जिला पूर्ति अधिकारी श्याम आर्य आदि मौजूद थे।
सेटेलाइट फोन चेक करने के निर्देश
पिथौरागढ़। डीएम ने आपदा प्रबंधन अधिकारी को एसडीएम, तहसीलदार ग्राम प्रधान और राजस्व उप निरीक्षकों को दिए हुए सेटेलाइट फोन चेक करने के निर्देश दिए। साथ ही मवेशियों को सड़कों पर छोड़ने वालों पर भी कार्रवाई करने और यूपीसीएल को बर्फबारी के दौरान विद्युत व्यवस्था सुचारु रखने के लिए तैयारियां करने को कहा।