पिथौरागढ़। अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज से पिथौरागढ़ बेस अस्पताल में 12 विशेषज्ञ चिकित्सक नहीं आएंगे। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने महानिदेशक स्वास्थ्य पत्र भेजकर इसकी जानकारी भेज दी है। प्राचार्य ने स्वास्थ्य मंत्री के साथ दूरभाष पर हुई वार्ता के बाद चिकित्सकों को पिथौरागढ़ भेजने के आदेश स्थगित कर दिए हैं। अब बेस में पिथौरागढ़ स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक ही अपनी सेवाएं देंगे।
एक सप्ताह में ही बेस अस्पताल के सफल संचालन की उम्मीद खत्म हो गई है। पिथौरागढ़ के लिंठ्यूड़ा में स्थित बेस अस्पताल को अब स्वास्थ्य विभाग को ही संचालित करना होगा। फरवरी में आए स्वास्थ्य सचिव आर राजेश ने मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा और हल्द्वानी को आदेश देकर 12 विशेषज्ञ चिकित्सकों को पिथौरागढ़ भेजने के निर्देश दिए थे। एक सप्ताह से चिकित्सक पिथौरागढ़ भेजे जाने का विरोध कर रहे थे। स्वास्थ्य मंत्री ने भी अल्मोड़ा की समस्याओं को देखते हुए 12 बांडधारी चिकित्सकों को अल्मोड़ा में ही अग्रिम आदेशों तक कार्य करने के निर्देश प्राचार्य मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा को दे दिए। अब बेस का संचालन बिना विशेषज्ञ चिकित्सकों के मुश्किल है।
स्वास्थ्य विभाग ने 16 नर्स, चार चिकित्सकों को रोटेशन और छह अन्य चिकित्सकों को तैनात किया है। अब बिना विशेषज्ञ चिकित्सकों के उपकरणों को लगाना विभाग के लिए भी संभव नहीं होगा। सीएमओ डॉ. एचसी ह्यांकी ने बताया कि अब बेस का संचालन चिकित्सक विभाग के चिकित्सकों से ही चलाया जाएगा। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य अरविंद बरोनिया ने बताया कि अब शासन स्तर पर ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती संभव है।