संवाद न्यूज एजेंसी बंगापानी (पिथौरागढ़)। बंगापानी तहसील के लोगों को जल जीवन मिशन योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। ग्राम पंचायत दाखिम के तीन तोकों में लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी योजना सुचारु नहीं हो सकी है। लोगों को पानी के लिए समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
तहसील बंगापानी के ग्राम पंचायत दाखिम के तोक कुरुवा, इजार, बजानी में गर्मी की शुरुआत में पेयजल की समस्या से लोग परेशान होने लगे हैं। यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष डीडीहाट विक्रम दानू ने पेयजल जल निगम डीडीहाट पर आरोप लगाते हुए कहा कि विभाग ने पुरानी योजना के पाइप में जल जीवन मिशन की लाइन बिछा कर इतिश्री कर ली है लेकिन लोगों को पानी नहीं मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि योजना के तहत लाखों रुपये का काम होने के बाद भी लोग पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने बताया कि तीन तोकों के 40 परिवार गांव से चार किमी दूरी धारे के पास से टूटी हुई पेयजल लाइन से पानी भरकर ला रहे हैं। धारे का पानी भी सूख गया है। जल्द व्यवस्था ठीक नहीं की गई तो यूथ कांग्रेस आंदोलन करेगी ।