होम क्वारन्टीन का निरीक्षण करते डीएम डॉ.विजय कुमार जोगदंडे।
- फोटो : AMAR UJALA
अमर उजाला ब्यूरो, पिथौरागढ़। कोविड-19 संक्रमण की वैश्विक महामारी के कारण प्रवासियों के आने का क्रम जारी है। सभी को मेडिकल परीक्षण/स्क्रीनिंग के बाद क्वारंटीन किया जा रहा है। जिलाधिकारी डा.विजय कुमार जोगदण्डे ने मंगलवार को नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र रावत के साथ नगर पालिका क्षेत्र में होम क्वारंटीन में रह रहे व्यक्तियों के घर जाकर निरीक्षण किया। नगरीय क्षेत्र में होम क्वारंटीन व्यक्तियों हेतु आवश्यक व्यवस्थाओं व उनकी समस्याओं आदि के समाधान के लिए पालिका के ईओ के नेतृत्व में सिटी रिस्पॉन्स टीम गठित की गई है। नगर के विभिन्न वार्डों के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सीआरटी प्रतिनिधियों से होम क्वारंटीन व्यक्तियों के बारे में आवश्यक जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि होम क्वारंटीन में रह रहे प्रत्येक व्यक्ति के घर के बाहर गेट पर एक पोस्टर चस्पा कर संबंधित क्वारंटीन हुए व्यक्ति से संबंधित जानकारी दर्ज करने को कहा ताकि आस पास के लोगों को भी उसकी जानकारी मिल सके। जिलाधिकारी ने होम क्वारंटीन में रह रहे सभी नियमों का अनुपालन करने और घर पर ही बने रहने की अपील की। जिलाधिकारी ने टीम को निर्देश दिए कि वह नियमित रूप से इन सभी होम क्वारंटीन हुए व्यक्तियों से संपर्क में रहें और उन्हें जो भी सामग्री की आवश्यकता पड़ रही है उन्हें उपलब्ध कराने को कहा ताकि उन्हें बाहर आने की आवश्यकता पड़े। निरीक्षण के दौरान पालिका के अवर अभियंता नगर उमेश अवस्थी, सीआरटी के विक्रम दिगारी, दीपक कुमार, सुनील कुमार आदि मौजूद रहे।