पिथौरागढ़। डीएम विनोद गोस्वामी की अध्यक्षता में जवाहर नवोदय विद्यालय मरसोली में विद्यालय प्रबंधन के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय में पेयजल की किल्लत को देखते हुए हैंडपंप लगाने के निर्देश दिए।
बुधवार को डीएम विनोद गोस्वामी के विद्यालय पहुंचने पर विद्यार्थियों ने उनका स्वागत किया। प्राचार्य प्रदीप मिश्रा ने विद्यालय में पेयजल, प्रकाश सहित अन्य अव्यवस्थाओं की जानकारी दी। डीएम ने लोनिवि को विद्यालय के फ्री फैब्रिकेटर हॉल और प्रार्थना सभा में इंटरलाकिंग ब्लॉक बिछाने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने भोजनालय, हॉस्टल, शौचालय का निरीक्षण किया।
पेयजल समस्या को देखते हुए इसके समाधान के लिए आठ लाख रुपये स्वीकृत करने के साथ ही शीघ्र विद्यालय परिसर में हैंडपंप लगाने की बात कही। वहीं विद्यार्थियों के बैठने के लिए कुर्सी उपलब्ध कराने और उनके स्वास्थ्य परीक्षण के लिए शिविर लगाने के निर्देश दिए। इस मौके पर सीईओ हरक राम कोहली, सीएमओ डॉ. एचएस ह्यांकी, लोनिवि की एई बीना पांडे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।