पिथौरागढ़। रोडवेज के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की दिवाली फीकी चल रही है। त्योहारी सीजन अपने शबाब पर है और इन कर्मचारियों को सितंबर और अक्तूबर माह का मानदेय नहीं मिल पाया है जबकि डिपो से होने वाले बस संचालन में इनकी भूमिका करीब 90 फीसदी है।
एक तरफ परिवहन निगम ने दिवाली पर्व पर कर्मचारियों के लिए प्रोत्साहन योजना शुरू की है। इसमें छह से 16 नवंबर तक एक दिन अवकाश लेकर 10 दिन ड्यूटी करने वाले चालक-परिचालक और तकनीकी कर्मियों को 1500 रुपये प्रोत्साहन धनराशि दी जाएगी लेकिन किसी कारणवश यदि किसी का निर्धारित किलोमीटर बस संचालन नहीं हो पाया तो संबंधित कर्मचारी प्रोत्साहन धनराशि से वंचित हो जाएगी। दूसरी ओर डिपो के दैनिक वेतनभोगी दो माह से मानदेय के लिए तरस रहे हैं।
पिथौरागढ़ डिपो सहित टनकपुर मंडल के नियमित कर्मचारियों को भी अगस्त माह का वेतन व दिवाली बोनस बीते शुक्रवार को दिया गया। इसके लिए भी कर्मचारियों को मंडलीय कार्यालय में आंदोलनात्मक कदम उठाना पड़ा। मगर पिथौरागढ़ डिपो सहित मंडल में बड़ी संख्या में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी दिवाली पर मायूस हैं। त्योहारी सीजन में भी उनको सितंबर-अक्तूबर किसी माह का मानदेय नहीं मिल पाया जबकि परिवहन व्यवस्था के समस्त संचालन में वे लगभग 90 फीसदी योगदान दे रहे हैं।
............
एजेंसी या विशेष श्रेणी के कार्मिकों को मानदेय कुछ दिन पहले मिल चुका है हालांकि दो माह का अभी बकाया है। नियमित कर्मचारियों के अलावा दैनिक वेतनभोगियों को भी बोनस दिया गया है।
-आरएस कापड़ी, एआरएम, पिथौरागढ़ डिपो