धारचूला में एसडीएम को ज्ञापन सौंपते खेला के ग्रामीण। संवाद
पिथौरागढ़ । तीन माह बाद भी सरकारी विद्यालयों में पूरी पुस्तकें न आने से नाराज जिला पंचायत सदस्य जगत मर्तोलिया ने प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के खिलाफ केस दर्ज करने के लिए पिथौरागढ़ एसपी को ई-मेल से तहरीर भेजी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के स्कूलों में किताबें न पहुंचने से विद्यार्थियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
शनिवार को एसपी को दी तहरीर में मर्तोलिया का कहना है कि सरकारी विद्यालयों में 50 प्रतिशत पुस्तकें नहीं पहुंच पाई हैं। शिक्षा सत्र एक अप्रैल से शुरू हो गया है। सत्र शुरू हुए तीन माह बाद 50 से 60 प्रतिशत पुस्तकें विद्यालयों में नहीं पहुंच पाई हैं। विद्यालयों में पुस्तकें न पहुंचने से पठन-पाठन कार्य प्रभावित हो रहा है।
मर्तोलिया का कहना है कि पुस्तकें नहीं पहुंचना सरकारी लापरवाही का एक गंभीर उदाहरण है। इसके लिए शिक्षा विभाग के मुखिया प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत जिम्मेदार हैं। उन्होंने एसपी से सुसंगत धाराओं में केस दर्ज करने की मांग की है। केस दर्ज होने के बाद इस मामले को वह न्यायालय में ले जाएंगे। एसपी लोकेश्वर सिंह का कहना है कि अभी उन्हें ई-मेल के माध्यम से कोई तहरीर नहीं मिली है।
इनसेट
खेला के आपदा प्रभावितों का पुनर्वास करो
धारचूला (पिथौरागढ़)। खेला गांव के युवक मंगल दल सदस्यों ने एसडीएम दिवेश शाशनी को ज्ञापन सौंपा। इसमें आपदा प्रभावितों के पुनर्वास की मांग की गई। ज्ञापन में युवक मंगल दल अध्यक्ष महेश वर्मा ने गांव के आपदा प्रभावित तोक चेतकला, कोलपानी, आला के 70 परिवारों का निरीक्षण कर उनका पुनर्वास सुरक्षित स्थान पर करने की मांग की। बताया कि पिछले 10 वर्ष में हुए भूस्खलन, भूधंसाव से कई मकान जमींदोज हो गए हैं। लोग खुद की जान खतरे में डालकर वहां रहने के लिए मजबूर हैं। भूस्खलन से कई ताेकों में खतरा बना हुआ है। उन्होंने कई दिन से बंद खेला-गर्गुवा सड़क को खोलने, खेला के सरकारी विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर लापरवाह और गैर हाजिर शिक्षक-शिक्षिकाओं के विरुद्ध भी कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में प्रकाश सिंह, दयाराम, पवन सिंह, वीर सिंह, दीवान सिंह, हरीश सिंह आदि के हस्ताक्षर थे। संवाद