पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को एंटीजन जांच में जिला जज समेत उनके परिवार के चार लोग कोरोना पॉजिटिव आए हैं। जिसके बाद संक्रमितों का आंकड़ा 75 हो गया है।
सीएमओ डॉ. एचसी पंत ने बताया कि जिला जज, उनकी पत्नी, माता और पिता की एंटीजन जांच कराई गई थी। जिसमें सभी पॉजिटिव आए हैं। उनके पिता को जिला अस्पताल में आईसीयू में रखा गया है। जिला जज, उनकी पत्नी और माता को होम आइसोलेट किया गया है। उन्हें कोरोना किट उपलब्ध करा दी गई है।
जिला न्यायालय में 50 लोगों की एंटीजन सैंपल कोरोना जांच को लिए गए थे, जिसमें सभी निगेटिव आए हैं। उन्होंने जिला जज के संपर्क में आए लोगों से कोरोना जांच कराने की अपील की है। जिला जज के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद मंगलवार को न्यायालय परिसर में सन्नाटा पसरा रहा। सीएमओ ने बताया कि जिले में संक्रमितों की संख्या 75 के करीब पहुंच गई है। आठ लोगों को जिला अस्पताल में आइसोलेशन पर रखा गया है।