चंपावत। धौन-बडोली सड़क पर भारी भूस्खलन के बाद पिछले चार दिनों से आवाजाही बंद पड़ी है। मार्ग अवरुद्ध होने से एक हजार से अधिक ग्रामीणों का संपर्क कट गया है, जिससे लोग इस मानसून में पांच किलोमीटर का सफर खड़ी चढ़ाई पर पैदल तय करने को विवश हैं।
जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर यह सड़क नौ जुलाई, सुबह करीब 10 बजे से ठप पड़ी है। ग्रामीणों को पैदल मौराड़ी ग्राम पंचायत होते हुए एनएच पर बनलेख पहुंचना पड़ रहा है। वहां से वे वाहन के माध्यम से बाजार जा रहे हैं। जरूरी सामान लेने के लिए बाजार जाना मुश्किल हो गया है। लोग व्हाट्सएप पर मैसेज कर सामान मंगवा रहे हैं।
जिला पूर्ति विभाग ने सरकारी सस्ता गल्ला की दुकान में खाद्यान्न उपलब्ध करा दिया है जिससे खाने की समस्या नहीं है हालांकि स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं। सड़क कई जगह क्षतिग्रस्त हो गई है जिससे दो पहिया वाहन भी गांव तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।
सड़क बंद होने से काफी दिक्कतें हो रही हैं। लोगों के लिए बाजार जाना मुश्किल हो रहा है। बीमारों के लिए बड़ी मुश्किल है। वो अस्पताल तक नहीं जा पा रहे हैं। बाजार जाने वालों से ही जरूरी दवा मंगा रहे हैं। अगर कोई गंभीर बीमार हो जाएगा तो उसे अस्पताल ले जाना आसान नहीं होगा।
-12सीपीटी 14पी- तनुजा थ्वाल, प्रधान
ग्रामीण आज भी छोटी सी बारिश में पैदल ही आवाजाही करने को मजबूर हैं। प्रशासन को इस सड़क को पूरे साल भर आवाजाही के लिए सुगम बनाया जाना चाहिए। बरसात में पहाड़ी से मलबा नीचे गिर जाता है। इसके ठीक ऊपर स्वाला डेंजर जोन है। लंबे समय से सड़क बदहाल है।
-12सीपीटी 15पी-खिलानंद थ्वाल, स्थानीय
-
धौन-बड़ौली ग्रामीण मोटर मार्ग का एसडीएम ने लिया जायजा
चंपावत। एसडीएम सदर विपिन चंद्र पंत ने धौन-बड़ौली ग्रामीण मोटर मार्ग की स्थिति का जायजा लिया। रविवार को उन्होंने मौके पर पहुंचकर मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। राहत और मार्ग खोलने के कार्यों का जायजा लिया। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को मार्ग को प्राथमिकता के आधार पर जेसीबी, पोकलेन सहित जरूरी मशीनरी लगाकर शीघ्र सुचारु करने के निर्देश दिए। यहां एनपीसीसी के रेजिडेंट इंजीनियर (आरई) नवीन यादव ने बताया कि जेसीबी और अन्य मशीनों की सहायता से सड़क पर जमा मलबा हटाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों और यात्रियों से प्रशासन की ओर से दिए गए निर्देशों का पालन करने की अपील की है।