धारचूला (पिथौरागढ़)। धारचूला में गांधी चौक की दुकानों में सोमवार देर रात लगभग 1:30 बजे अचानक भीषण आग लग गई जिससे 14 दुकानें पूरी तरह जल गईं। आग से व्यापारियों को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। सेना और फायरब्रिगेड के जवानों ने डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण शार्ट-सर्किट माना जा रहा है।
पुलिस के गश्ती दल ने सोमवार देर रात गांधी चौक पर स्थित दुकानों के भीतर से धुआं उठता देखा। उन्होंने इसकी सूचना कोतवाली में दी। कोतवाल कुंवर सिंह रावत, सदर पटवारी चंद्री चंद मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसडीएम दिवेश शाशनी भी मौके पर पहुंचे। आग की लपटें उठते देख आसपास अफरा-तफरी मच गई। फायरब्रिगेड प्रभारी कृष्ण सिंह दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। जौलजीबी मेले में तैनात किए गए बड़े दमकल वाहनों को भी धारचूला लाया गया।
सेना की 832 लाइट रेजीमेंट के कमान अधिकारी के निर्देश पर सूबेदार मंगल दास के नेतृत्व में फायरब्रिगेड की गाड़ी के साथ 12 जवान भी तत्काल मौके पर पहुंच गए। लगभग डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तक करोड़ों का सामान जल चुका था।
कोतवाल ने बताया कि आग लगने का कारण शार्ट-सर्किट हो सकता है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। व्यापार मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र थापा, सभासद प्रेमावती कुटियाल ने नगर पालिका और प्रशासन से पीड़ित व्यापारियों को मुआवजा देने की मांग की है। उधर, अग्निकांड के दौरान बिजली गुल हो गई। मंगलवार पूरे दिन बिजली नहीं आई। संवाद
इन व्यापारियों की दुकानें जलीं
मंजू थापा कॉस्मेटिक, सलमान बारबर, जाकिर हुसैन फुटवियर, आजम खां कॉस्मेटिक गिफ्ट सेंटर, सरफराज रजाई-गद्दा, नन्हे मियां सब्जी, असलम सब्जी, मदन सिंह बुदियाल गारमेंट्स, मोहन सब्जी, अनीश बारबर, वाहिद मोबाइल, शहनवाज मोबाइल, छोटे मोबाइल और गुड्डू शर्मा पान भंडार।