धारचूला (पिथौरागढ़)। संयुक्त जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों की भारी कमी के कारण मरीजों को बेहतर उपचार नहीं मिल पा रहा है। अस्पताल में 20 चिकित्सकों के स्वीकृत पदों के सापेक्ष केवल सात डॉक्टर ही तैनात हैं। विशेषज्ञ चिकित्सकों के अभाव में मरीजों को इलाज के लिए जिला मुख्यालय का रुख करना पड़ रहा है।
सोमवार को नगर पालिकाध्यक्ष शशि थापा ने संयुक्त जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर भर्ती मरीजों का हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि सीमांत और आपदाग्रस्त क्षेत्र होने के बावजूद अस्पताल में डॉक्टरों और तकनीकी कर्मचारियों की कमी गंभीर चिंता का विषय है। इससे मरीजों को समय पर विशेषज्ञ उपचार नहीं मिल पा रहा है।
निरीक्षण के बाद पालिकाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर अस्पताल में पर्याप्त संख्या में विशेषज्ञ चिकित्सकों और तकनीशियनों की शीघ्र तैनाती की मांग की। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र, सभासद शकुंतला आगरी, संदीप वाल्मीकि सहित अन्य लोग मौजूद रहे।