टनकपुर/पूर्णागिरि (चंपावत)। भारी बारिश के कारण पूर्णागिरि क्षेत्र में भैरव मंदिर मोड़ के पास एक धर्मशाला और पूजा सामग्री की दुकान के पिछले हिस्से की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। इससे धर्मशाला को खतरा पैदा हो गया है। प्रभावित पुजारी ने प्रशासन को इसकी सूचना देकर मुआवजे की मांग की है।
पुजारी राजेंद्र तिवारी राजू ने बताया कि बारिश के चलते पुजारी नेत्र बल्लभ तिवारी की धर्मशाला और पूजा सामग्री की दुकान के पीछे की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हुई है। दीवार के क्षतिग्रस्त होने से धर्मशाला को नुकसान का खतरा बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन से क्षति का आकलन कर प्रभावित को उचित मुआवजा देने की मांग की। पुजारी दीपक तिवारी, शेखर पांडेय आदि ने भी प्रभावित को राहत देने की मांग उठाई।